मंडी। महाशिवरात्रि महोत्सव के दौरान शहर की ट्रैफिक व्यवस्था में भी बदलाव होगा। दो, पांच और आठ मार्च को जलेब के दौरान शहर में ट्रैफिक वन-से रहेगा।
चौहटा से विक्टोरिया ब्रिज और विक्टोरिया ब्रिज से पुरानी मंडी की ओर वाहनों की आवाजाही एक तरफ होगी। तलयाहड़ मंडी से सकोडी पुल होकर जाना पड़ेगा। तलयाहड़ से मंडी आने वाले वाहन बाईपास निकलेंगे। इसी तरह कुल्लू की ओर से आने वाली बसें भ्यूली के पास सवारियां उतारेंगी।
सुंदरनगर की ओर से आने वाली बसें अड्डे के पास रुकेंगी, जिसका स्थान तय किया जाएगा। जरूरत के मुताबिक नेशनल हाईवे पर यातायात को कुछ समय के लिए रोका जा सकता है। बड़े वाहनों का प्रवेश नहीं होगा। वाहनों से सामान उतारने का समय सुबह छह बजे से पहले और रात को 10 बजे के बाद होगा।
विक्टोरिया पुल के पास बनाई गई पार्किंग में बाहर से आने वाले वाहनों को खड़ा किया जाएगा। यहां पार्किंग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली के दौरान बनाई गई थी। यहां 200 से अधिक वाहन पार्क होंगे। परिवहन निगम और अन्य निजी बसों को भी यहां खड़ा करने की योजना है, जो अपने गंतव्य को जाने से 30 मिनट पहले यहां से निकलेंगी। आठ मार्च को सेरी मंच पर एक सांस्कृतिक संध्या है जिसके चलते ट्रैफिक शाम को सेरी से बंद रहेगा।
....
सात सेक्टर में बंटेगा शहर, 50 सीसीटीवी कैमरे लगेंगे
मेले के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए शहर को सात सेक्टर में बांटा जाएगा। शहर में पचास सीसीटीवी कैमरे लगेंगे और चप्पे-चप्पे की निगरानी होगी। पूरे शहर की नाकाबंदी होगी और प्रवेश द्वारों पर बैरिकेड्स लगाए जाएंगे। करीब 1000 जवान यातायात और सुरक्षा व्यवस्था संभालेंगे।
करीब दर्जन भर पुलिस की टीमें जगह जगह गश्त करेंगी। मोटरसाइकिल पर गश्त की जाएगी। यातायात नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई की जाएगी। रात के समय सांस्कृतिक संध्याओं के दौरान भी पुलिस दल चप्पे-चप्पे पर तैनात रहेगा।
000