मंडी। विद्युत उपमंडल मंडी-दो ने छह महीने से बिजली के बिलों का भुगतान करने वाले उपभोक्ताओं को 15 जुलाई तक बिल भरने का समय दिया है। अगर उपभोक्ताओं ने 15 जुलाई तक अपने लंबित बिलों का भुगतान नहीं किया तो बिना किसी नोटिस और सूचना के उनके बिजली कनेक्शन काट दिए जाएंगे।
विद्युत उपमंडल मंडी-दो के सहायक अभियंता सुनील कुमार ने कहा कि सौली खड्ड, बिंद्रावणी, नेला, चड़याणा, शिल्ह कीपड़, मझवाड़, दूदर, कोटमोर्स, सायरी, रखून, ब्राधिवीर, चडयारा, गुटकर, ओटा, बैहना, कैहनवाल, मनयाणा, टिल्ली, तल्याहड, देवधार, पधियूं, कठलग, रंधाडा, गजनोहा, पतरौण, रत्तीपुल, अलाथु, मराथू, जनेड, सिरम, तांदी सहित आस-पास लगते क्षेत्रों के कई उपभोक्ताओं ने अभी तक फरवरी के बिलों को भुगतान नहीं किया है। छह महीने से इन उपभोक्ताओं के बिल लंबित चल रहे हैं।
उन्होंने कहा कि ऐसे उपभोक्ता अगर 15 जुलाई तक अपने लंबित बिजली बिल का भुगतान नहीं करते हैं तो उनके बिजली कनेक्शन बिना किसी पूर्व सूचना और नोटिस के काटे दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि दोबारा कनेक्शन बहाल करने के लिए संबंधित उपभोक्ता को लंबित बिजली बिल के भुगतान के साथ ही अतिरिक्त शुल्क भी चुकाना पड़ेगा।