धर्मपुर (मंडी)। माता जालपा मंदिर में हुई चोरी के मामले में धर्मपुर पुलिस को अहम सुराग हाथ लगे हैं। कांगड़ा के बैजनाथ पुलिस की मदद से अब चोरी की वारदात के राज खुलेंगे।
बैजनाथ पुलिस के अनुसार संदिग्ध जोगिंद्रनगर का रहने वाला है और लुधियाना में रहता है। बैजनाथ के साथ लगते चढि़यार आदि क्षेत्रों में भी आरोपी चोरी की घटनाओं को अंजाम दे चुका है। अभी यह पुष्टि नहीं हो पाई है कि जिस आरोपी की बैजनाथ पुलिस ने शिनाख्त की है, उसी ने ही जालपा मंदिर में हुई चोरी की वारदात को अंजाम दिया है।
ऐसे में उसकी गिरफ्तारी के बाद ही घटना के राज खुलेंगे। बता दें कि बीते बुधवार रात को शातिरों ने मंदिर में चोरी की थी। उसी दिन से पुलिस लगातार आरोपी की तलाश कर रही है। बैजनाथ पुलिस की भी मदद ली जा रही है। धर्मपुर पुलिस ने शातिरों को पकड़ने का जिम्मा थाना में तैनात एएसआई विकास और एएसआई प्रदीप कुमार की टीम को दिया है।
बताया जा रहा है कि पुलिस आरोपी के करीब पहुंच गई है। जल्द उसकी गिरफ्तारी हो सकती है। डीएसपी धर्मपुर संजीव सूद ने बताया कि पुलिस मामले में गंभीरता से जांच कर रही है। कुछ इनपुट मिले हैं। उधर, बैजनाथ के सब इंस्पेक्टर पंकज संधू ने बताया कि एक आरोपी की शिनाख्त हुई है। उक्त आरोपी पहले भी चढि़यार में चोरी की वारदात को अंजाम दे चुका है। जल्द आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
.....
ऐसे पहुंची पुलिस आरोपी तक
चोरी की घटना के बाद पुलिस ने सर्च ऑपरेशन चलाया और सीसीटीवी कैमरों की मदद से चोरों की पहचान की। जिस समय वारदात हुई थी तब पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई थी। इसी आधार पर पुलिस ने अपनी जांच शुरू की और सड़क के किनारे लगे सभी कैमरों की फुटेज खंगाली। बैजनाथ पुलिस से भी मदद ली गई। बैजनाथ पुलिस को भी इस शातिर की तलाश थी।
000