सुक्खू सरकार के कार्यकाल में मंडी में पहली बार महिला आयोग ने की जन सुनवाई
अध्यक्ष विद्या नेगी की मौजूदगी में पहुंचे 52 में से 26 फरियादी
डिजिटल पर न चलाएं
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। सुखविंद्र सिंह सुक्खू सरकार के कार्यकाल में जिले में पहली हिमाचल प्रदेश महिला आयोग की अदालत में कई हैरान करने वाले मामले सामने आए। न्यायालय परिसर के उपायुक्त कोर्ट में मंगलवार को अध्यक्ष विद्या नेगी की अध्यक्षता में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से 52 पक्षों को बुलाया गया था, जिनमें से 26 मामलों के फरियादी मौके पर पहुंचे। महिला आयोग की सुनवाई में हमीरपुर से दंपत्ती के बीच विवाद का एक अनोखा मामला सामने आया। पीड़िता के परिजनों के अनुसार, शादी के एक महीने बाद ही पति के अन्य महिलाओं के साथ संबंध होने का शक हुआ। पढ़ी-लिखी होने के कारण महिला ने तकनीक का सहारा लेकर पति का मोबाइल अपने फोन से कनेक्ट कर दिया, जिससे पति के अवैध संबंधों की पुष्टि हो गई। जब एक साल तक स्थिति नहीं सुधरी, तो मायके पक्ष ने हस्तक्षेप किया। इसके बाद ससुराल पक्ष ने पीड़िता को दहेज के तानों से प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। करीब डेढ़ साल से विचाराधीन इस मामले में मायका पक्ष समझौते के पक्ष में है। अदालत ने मामले में अंतिम फैसला सुरक्षित रखते हुए पत्नी को एक महीने ससुराल में रहने के आदेश दिए हैं, ताकि रिश्ते में सुधार का मौका मिल सके।
बाक्स
71 वर्षीय कारगिल योद्धा बेटी के हक के लिए पहुंचे कोर्ट
अदालत में रिवालसर क्षेत्र का एक भावुक कर देने वाला मामला सामने आया। यहां 71 वर्षीय पूर्व सैनिक एवं कारगिल युद्ध में शामिल रह चुके वृद्ध पिता को अपनी बेटी के हक के लिए कोर्ट के चक्कर काटने पड़ रहे हैं। पिता ने बताया कि उनकी बेटी की शादी को 25 साल हो चुके हैं और उनके दो बालिग बेटे 22 और 24 वर्ष के हैं। 24 साल की सैन्य सेवा के बाद सेवानिवृत्त हुए दामाद को शराब की ऐसी भयंकर लत लगी कि वह हर महीने करीब 30 हजार रुपये शराब पर खर्च कर देता है। नशे में वह पत्नी से मारपीट करता है तथा परिवार को खर्च भी नहीं देता। स्थिति इतनी बिगड़ चुकी है कि दामाद अपनी जमीन और 10 लाख रुपये की गाडी़ भी बेच चुका है। दो वर्षों से विचाराधीन इस मामले में अभी तक फैसला न मिलने से पीड़ित परिवार परेशान है। सुनवाई के दौरान आयोग की सदस्य रीना पुंडीर, सरोज शर्मा, रीना दड़ोच, एएसपी अभिमन्यु, सदस्य सचिव बुशरा अंसारी और विधि अधिकारी यशपाल शर्मा उपस्थित रहे।