मंडी। हिमाचल पथ परिवहन निगम कर्मचारी संयुक्त समन्वय समिति ने दो दिवसीय प्रस्तावित हड़ताल को बुधवार को स्थगित कर दिया है। इससे जिले में यातायात व्यवस्था बुधवार को पटरी पर लौट आई। मंगलवार को जिलाभर में लगभग 400 से अधिक एचआरटीसी बस रूटों पर पहिये थमने से पर्यटकों और जिलावासियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा था। संयुक्त समन्वय समिति द्वारा हड़ताल वापसी के निर्णय से यात्रियों को राहत मिली है।
उच्च न्यायालय के आदेशों पर समिति ने हड़ताल को स्थगित कर दिया है। जिला के दुर्गम रूटों जहां पर एक भी निजी बस सुविधा उपलब्ध नहीं है, वहां पर लोगों को हड़ताल के चलते मंगलवार को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा था। वहीं, लांग रूटों के ठप पड़ने से पर्यटकों को दिक्कतें पेश आई थी। संयुक्त समन्वय समिति के जिला अध्यक्ष राजेंद्र पाल ने कहा कि उच्च न्यायालय के आदेशों का सम्मान करते हुए बुधवार को हड़ताल को स्थगित कर दिया गया है।
कर्मचारियों को न्यायालय पर पूर्ण विश्वास है, लेकिन हड़ताल को वापस नहीं लिया गया है। महज स्थगित किया गया है। उन्होंने निगम प्रबंधन और सरकार को चेताते हुए कहा कि हड़ताल को समाप्त नहीं किया गया है। हड़ताल को महज स्थगित किया गया है। यदि शीघ्र ही कर्मचारियों की मांगों को पूरा नहीं किया जाता है तो कर्मचारियों को अनिश्चितकालीन हड़ताल करने पर विवश होना पड़ेगा।