लंबित वित्तीय लाभ, एरियर और चिकित्सा बिलों के भुगतान की उठाई मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। हिमाचल परिवहन सेवानिवृत्त कर्मचारी कल्याण मंच की बैठक शनिवार को क्षेत्रीय कार्यालय मंडी सौली खड्ड में हुई। बैठक की अध्यक्षता मंच के अध्यक्ष अशोक पराशर ने की। बैठक में सेवानिवृत्त कर्मचारियों की लंबित मांगों और वित्तीय लाभों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
अशोक पराशर ने कहा कि लंबित मांगों के समाधान को लेकर मंच के सदस्य पहली सितंबर को शिमला में प्रदेश सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करेंगे। कहा कि एचआरटीसी से सेवानिवृत्त कर्मचारियों को लंबे समय से कई वित्तीय लाभ नहीं मिल पाए हैं। उन्होंने प्रदेश सरकार और हिमाचल पथ परिवहन निगम प्रबंधन से इन मांगों का शीघ्र समाधान करने की मांग की है।
उन्होंने कहा कि पेंशनरों को समय पर पेंशन जारी करने के साथ अन्य वित्तीय लाभ भी दिए जाएं। मांगपत्र में कहा गया है कि 1 जनवरी 2016 से सेवानिवृत्त कर्मचारियों को देय विभिन्न वित्तीय लाभ और एरियर लंबित हैं। इनमें नए वेतनमान से संबंधित एरियर, लीव इनकैशमेंट, डीसीआरजी सहित अन्य देनदारियां शामिल हैं। मंच ने इन सभी बकाया भुगतानों को जल्द जारी करने की मांग की।
प्रदेश संगठन महामंत्री रूप चंद शर्मा ने कहा कि एचआरटीसी से सेवानिवृत्त कर्मचारियों को सरकारी विभागों के सेवानिवृत्त कर्मचारियों की तर्ज पर वित्तीय लाभ दिए जाने चाहिए। उन्होंने डीए की लंबित किस्तों और एरियर, संशोधित वेतनमान से जुड़े लाभ तथा अन्य बकाया राशि का भुगतान जल्द करने की मांग उठाई।
उन्होंने कहा कि 70 वर्ष से अधिक आयु के पेंशनरों को मिलने वाले अतिरिक्त लाभ भी एचआरटीसी पेंशनरों को दिए जाएं। इसके अलावा चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करवाने और लंबे समय से लंबित चिकित्सा बिलों का भुगतान करने की मांग भी मंच ने सरकार के समक्ष रखी है।