मंडी के गांधी चौक पर हांफी एचआरटीसी की बस। संवाद
मंडी। बस स्टैंड मंडी से खडकल्याणा वाया जमाणा रूट पर जा रही परिवहन निगम की बस में अचानक तकनीकी खराबी आने से बस वीरवार दोपहर को शहर के सेरी बाजार में खड़ी हो गई। इससे कुछ देर के लिए जाम लग गया। वहीं, बस में बैठे करीब 40 यात्रियों को दूसरी बस का इंतजार करना पड़ा। हालांकि बस खराब होने की जानकारी मिलने पर बस अड्डा से दूसरी बस को तय रूट पर भेज कर यात्रियों को सुविधा दी गई।
जानकारी के अनुसार वीरवार दोपहर करीब पौने तीन बजे बस अड्डा से तुंगल क्षेत्र के खडकल्याणा वाया जमाणा के लिए परिवहन निगम की बस रवाना हुई। महामृत्युंजय चौक पर सवारियां उठाने के बाद जैसे ही बस गांधी चौक के चक्कर को काटने लगी अचानक तकनीकी खराबी आने से चालक ने बस को किनारे पर रोक दिया।
चालक-परिचालक ने कुछ देर स्वयं बस की जांच करने पर जब पाया कि बस को आगे ले जाना ठीक नहीं रहेगा तो इस बारे में बस अड्डा में तैनात अधिकारियों को जानकारी दी। उन्होंने यात्रियों की सुविधा के लिए तत्काल प्रभाव से दूसरी बस को तय रूट के लिए रवाना किया जो सवारियों को बैठाकर तय रूट पर चली गई। उधर, अड्डा प्रभारी मंडी रोशन लाल ने बताया कि कर्मशाला से कर्मचारी बस में आई खराबी की जांच कर रहे हैं। यात्रियों को दूसरी बस मुहैया करवा दी गई थी।