यूजी स्तर की पढ़ाई के लिए इस सत्र में 1800 विद्यार्थियों ने लिया दाखिला
संवाद न्यूज एजेंसी
जोगिंद्रनगर (मंडी)। जोगिंद्रनगर कॉलेज में नया शिक्षा सत्र शुरू होते ही पढ़ाई शुरू हो गई है, लेकिन स्वीकृत कुल 37 प्राध्यापकों के पदों में से 10 पद रिक्त चल रहे हैं। ऐसे में यूजी की नए सत्र की पढ़ाई को लेकर विद्यार्थी अभी से चिंतित हैं। 1994 के यूजी स्तर की पढ़ाई के कॉलेज में कला, विज्ञान संकाय के फिजिक्स, केमिस्ट्री, गणित जैसे महत्वपूर्ण विषयों में अध्यापकों की कमी विद्यार्थियों को सताने लगी है।
कॉलेज में करीब 1800 विद्यार्थियों ने दाखिला ले लिया है। अब फीस जमा करवाने के बाद शुरू हुई नए सत्र की पढ़ाई में ही प्राध्यापकों के पद खाली होने से दिक्कतें बढ़ गई हैं। कॉलेज में चौहारघाटी के दुर्गम क्षेत्र लोहारड़ी, थल्टूखोड, बरोट सहित मूलथान, कोठी कोहड़ क्षेत्रों से भी अभ्यर्थियों ने जोगिंद्रनगर कॉलेज में दाखिला लिया है, लेकिन यहां विभिन्न विषयों के प्राध्यापकों के पद खाली होने से विद्यार्थियों को परेशानी हो रही है।
जोगिंद्रनगर कॉलेज में साइंस विषय के फिजिक्स के तीन प्राध्यापक, केमिस्ट्री और गणित में दो-दो, बॉटनी का एक प्राध्यापक पद खाली चल रहा है। कला संकाय में अर्थ शास्त्र और जियोग्राफी विषय का भी एक प्राध्यापक पद खाली पड़ा है। कॉलेज की प्राचार्य सुनीता सिंह ने बताया कि रिक्त चल रहे कुल 10 प्राध्यापकों के पदों में कुछ प्राध्यापकों की तैनाती पीटीए के आधार पर कर दी गई है। बताया कि जिन विषयों के प्राध्यापक कॉलेज में नहीं है, वहां पर भी जल्द तैनाती के लिए निदेशालय शिक्षा विभाग से पत्राचार किया गया है। कहा कि विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसलिए काॅलेज में तैनात अन्य प्राध्यापक भी अतिरिक्त कार्यभार संभाले हुए हैं।