समस्या के समाधान के लिए उपायुक्त से मिला तलयाहड़ वार्ड का प्रतिनिधिमंडल
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। मंडी-जालंधर उच्च मार्ग को मंडी बाईपास से जोड़ने को लेकर संबंधित कंपनी की ओर से की जा रही कटाई कार्य के चलते तल्याहड़ वार्ड के लोगों के मकानों को खतरा पैदा हो गया है। सोमवार को तल्याहड़ वार्ड की पार्षद सुदेश कुमारी की अगुवाई में एक प्रतिनिधिमंडल उपायुक्त मंडी अपूर्व देवगन से मिला और उन्हें समस्या को लेकर अवगत करवाते हुए मांग पत्र भी सौंपा।
पार्षद ने बताया कि जब से मंडी-जालंधर उच्च मार्ग को चंडीगढ़-मनाली उच्च मार्ग से जोड़ने के लिए कटिंग कार्य किया जा रहा है, तभी से तलयाहड़ वार्ड के तहत आने वाले रिहायशी मकानों को खतरा बना हुआ है। मकानों के समीप सड़क निर्माण के लिए की गई कटिंग से हो रहे भूस्खलन से उनके मकान और गोशालाओं को खतरा बन गया है। बताया कि शनिवार रात को हुई भारी बारिश के दौरान भूस्खलन की आशंका को देखते हुए उन्हें रात डेढ़ बजे गोशाला से पशुओं काे बाहर निकाल कर घर के बरामदे में बांधना पड़ा। उन्होंने उपायुक्त से गुहार लगाई है कि निर्माण कार्य में जुटी कंपनी को निर्देश दिए जाएं कि इस कार्य को युद्धस्तर पर करते हुए मकानों के नीचे पक्के डंगे लगाए जाएं, ताकि लोगों की जमीनों और मकानों को किसी तरह का खतरा न रहे। इस पर उपायुक्त अपूर्व देवगन ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि शीघ्र ही इस बारे संबंधित कंपनी से बात की जाएगी। एसडीएम को निर्देश दिए कि इस बारे स्वयं मौका कर लोगों को पेश आ रही दिक्कतों का समाधान करवाएं।