करसोग (मंडी)। उपमंडल करसोग के मनोला पंचायत के टिकरी गांव में दो कमरों का स्लेटपोश मकान आग से राख हो गया। आग की इस घटना में ढाई लाख रुपये की संपत्ति स्वाह हो गई। आग लगने का कारण शार्ट सर्किट बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार मकान को आग वीरवार दोपहर करीब 12 बजे लगी। आग से आईआरडीपी से संबंधित नारायण दास दास पुत्र रामू निवासी गांव टिकरी के परिवार की ढाई लाख की संपत्ति राख हो गई है।
जिस वक्त मकान में आग लगी, उस समय परिवार के सभी लोग रिश्तेदार के घर समारोह में गए थे। गांव की एक महिला ने घर में आग लगी देखी तो उसने अन्य गांववासियों को सूचित किया। गांवों वालों ने आग बुझाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन आग पर काबू नहीं पाया जा सका। देखते ही देखते दो कमरों का स्लेटपोश मकान राख हो गया। स्थानीय लोगों ने पंचायत उपप्रधान बृकम राम शर्मा को सूचित किया। उपप्रधान ने मौके पर पहुंचकर थाना करसोग में सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मौके का जायजा लिया तथा मामला दर्ज कर लिया।
थाना प्रभारी करसोग अश्वनी कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि पहली नजर में यह मामला शार्ट सर्किट का माना जा रहा है तथा मामला दर्ज कर मामले की छानबीन की जा रही है। तहसीलदार रविंद्र बौध ने बताया कि क्षेत्र के पटवारी को मौके पर भेज कर नुकसान का जायजा लेने के निर्देश दिए गए हैं। ढाई लाख रुपये नुकसान होने का आकलन है। पीड़ित परिवार को फौरी राहत के रूप में 10 हजार रुपये प्रदान किए हैं।
कार की टक्कर में बाइक सवार घायल
सुंदरनगर (मंडी)। चंडीगढ़-मनाली हाईवे पर हराबाग के निकट एक तेज रफ्तार कार और बाइक की टक्कर हो गई। जिसमें बाइक सवार युवक घायल हो गया। हादसे के बाद कार चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। घायल को उपचार के लिए यहां के नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। जहां घायल की पहचान रोशन लाल निवासी सनोह, कांगू के रूप में हुई है। पुलिस ने बाइक चालक की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।