महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से संचालित बाल बालिका आश्रमों के दो बच्चों को हवाई जहाज से दिल्ली की नि:शुल्क सैर करवाई गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जुब्बड़हट्टी एयरपोर्ट पर उड़ान योजना का शुभारंभ किया।
ये बच्चे भी पहली फ्लाइट से दिल्ली गए। सुबह साढ़े ग्यारह बजे एयर इंडिया फ्लाइट से बच्चों को दिल्ली के लिए रवाना किया गया। दिल्ली के एक होटल में इनके ठहरने की व्यवस्था की गई है। शुक्रवार को यह बच्चे इसी फ्लाइट से शिमला वापस आएंगे। बच्चों की देखभाल के लिए सहायक निदेशिका को भी भेजा गया है।
महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से चलाए जा रहे बालिका आश्रम टूटीकंडी की 16 वर्षीय पूजा और बाल आश्रम अर्की के शुभम को इस हवाई यात्रा का अवसर मिला है। पूजा करीब दस साल से बाल विकास विभाग के आश्रम में रहती है। मौजूदा समय में वह राजकीय वरिष्ठ पाठशाला फागली में 11वीं कक्षा में पढ़ रही है।
इससे पहले वह मशोबरा के बालिका आश्रम में रहती थी। वहीं शुभम राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला अर्की में नवीं कक्षा में पढ़ता है। जिला कार्यक्रम अधिकारी राकेश भारद्वाज ने बताया कि विभाग की ओर से इन बच्चों की देखभाल की जाती है। बच्चों के रहने, खाने-पीने, पढ़ाई और स्वास्थ्य की सारी जिम्मेदारी विभाग उठा रहा है।
उद्घाटन के बाद पहली फ्लाइट में गए बच्चे: मानसी
महिला एवं बाल विकास विभाग की निदेशिका मानसी सहाय ठाकुर ने बताया कि प्रधानमंत्री के फ्लाइट के उद्घाटन के बाद बाल बालिका आश्रमों के दो बच्चे एयर इंडिया की फ्लाइट में दिल्ली रवाना हुए। इसके लिए सहायक निदेशिका को बच्चों की देखभाल के लिए साथ भेजा गया।