आशा और स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं की मदद से लोगों को किया जा रहा जागरूक
डायरिया, पीलिया, स्क्रब टायफस सहित अन्य मौसमी बीमारियों बारे किया जा रहा जागरूक
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। बरसात का मौसम शुरू होते ही जनजनित रोगों की रोकथाम को लेकर स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है। लोगों को जागरूक करने के लिए आशा और स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं की मदद ली जा रही है, ताकि डायरिया, पीलिया, स्क्रब टायफस समेत अन्य मौसमी बीमारियों से बचाव किया जा सके। मंडी जिले के अस्पतालों में इन दिनों रोजाना बुखार, डायरिया, पीलिया और पेट दर्द के मरीज उपचार के लिए पहुंच रहे हैं। सामान्य मरीजों को दवाइयों के साथ आवश्यक सलाह देकर घर भेजा जा रहा है, जबकि गंभीर मरीजों को भर्ती कर इलाज किया जा रहा है।
क्षेत्रीय अस्पताल मंडी में पिछले 10 दिन से प्रतिदिन 15 से 20 डायरिया, पीलिया और बुखार के मरीज पहुंच रहे हैं। अधिकांश मरीजों को भर्ती कर उपचार दिया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग आशा कार्यकर्ताओं के माध्यम से घर-घर जाकर स्वच्छता, पेयजल स्रोतों की सफाई, क्लोरीनेशन, ओआरएस और जिंक के उपयोग की जानकारी दे रहा है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. दिनेश ठाकुर ने लोगों से जल शक्ति विभाग की सप्लाई का पानी पीने, घर और आसपास साफ-सफाई रखने, पूरे कपड़े पहनने और बीमारी के लक्षण दिखने पर तुरंत अस्पताल जाकर उपचार लेने की अपील की है।