हटली के प्रसिद्ध माता श्यामाकाली मेले के शुभारंभ पर निकली छत्र यात्रा में शिरकत करते पुजारी
बलद्वाड़ा (मंडी)। हटली का प्रसिद्ध दो दिवसीय श्यामाकाली मेला रविवार को छत्र यात्रा के साथ शुरू हो गया है। मंदिर कमेटी के प्रधान चुनी लाल शर्मा ने अपने घर से टोकरी में सजा कर चांदी के छत्र को सिर पर उठा कर ढोल-नगाड़ों के साथ मंदिर तक पहुंचाया। इस यात्रा में कई ग्रामीणों ने शिरकत की और नाचते-गाते माता के जयकारे लगाते हुए मंदिर पहुंचे।
छत्र यात्रा के दौरान स्थानीय लोगों के साथ ही दूर-दूर से आए भक्तों ने शिरकत कर मां का आशीर्वाद लिया। बाद में छत्र यात्रा मंदिर में पहुंची और विधि विधान के साथ छत्र को चढ़ाकर मेले का शुभारंभ किया गया। बता दें कि मंडी के राजा श्याम सेन ने माता को यह छत्र भेंट किया था। पूजा-अर्चना के साथ इस चांदी के छत्र को माता के मुकुट पर सजाया जाता है। इसी के साथ मेले का आगाज होता है।