छात्र-छात्राओं ने एक स्वर में किया सामूहिक राष्ट्रगीत गायन
संवाद न्यूज एजेंसी
बग्गी (मंडी)। विद्या भारती हिमाचल प्रदेश के तत्वावधान में शुक्रवार को सरस्वती विद्या मंदिर हटगढ़ (पाली) में नमामि भारतम वंदेमातरम सामूहिक गायन कार्यक्रम आयोजित किया गया। विद्यालय के छात्र-छात्राओं और आचार्यों ने एक स्वर में राष्ट्रगीत वंदेमातरम का सामूहिक गायन किया। देशभक्ति के तरानों और भारत माता के जयकारों से विद्यालय परिसर गूंज उठा। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय प्रबंधक सोहन लाल ठाकुर ने की।
राजकीय बहुतकनीकी महाविद्यालय सुंदरनगर के पूर्व प्रधानाचार्य एवं विश्व हिंदू परिषद के प्रांतीय महामंत्री लेख राज राणा मुख्य अतिथि, जबकि पूर्व थल सेना अधिकारी एवं विश्व हिंदू परिषद जिला सुंदरनगर के महामंत्री कैप्टन महेंद्र सिंह राणा विशिष्ट अतिथि रहे।
मुख्य अतिथि ने विद्यार्थियों में उच्च संस्कार, अनुशासन, चरित्र निर्माण और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना विकसित करने का आह्वान किया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण विद्यार्थियों और शिक्षकों का अनुशासित सामूहिक गायन रहा। इस अवसर पर प्रधानाचार्या लीला राघवा सहित अध्यापक, कर्मचारी व अन्य लोग मौजूद रहे।