मंडी। गुरु रविदास महासभा मंडी जिला इकाई की बैठक रविवार को रविदास गुरुद्वारा खलियार में आयोजित की गई। बैठक में सदर इकाई के साथ मासिक बैठक आयोजित करने और सदस्यता अभियान शुरू करने को लेकर चर्चा की गई। महासभा के महासचिव भगत राम ने बताया कि सदस्यता अभियान के तहत सदर खंड इकाई में अधिक से अधिक लोगों को संगठन के साथ जोड़ने का भरसक प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि तेजी से बढ़ रहे चिट्टा नशे की रोकथाम और युवा पीढ़ी को इससे बचाने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करने होंगे। युवाओं का ध्यान नशे से हटाने के लिए उन्हें शिक्षा और सत्संग से जोड़ना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि गुरु रविदास महासभा के सभी पदाधिकारी बैठकों में मान-सम्मान या अपनी पहचान के लिए नहीं, बल्कि गुरु सेवा, मानव सेवा और समाज सेवा के उद्देश्य से कार्य कर रहे हैं। संगठन का प्रयास रहेगा कि अधिक से अधिक लोगों को महासभा के साथ जोड़ा जाए। बैठक में राज्य महासभा के उपाध्यक्ष तारा चंद भाटिया, सीमा कुमारी, संरक्षक पूर्ण प्रकाश भारद्वाज, महासचिव भगत राम, उपाध्यक्ष भूप सिंह, सदर इकाई अध्यक्ष जय कुमार आदि मौजूद रहे।