धर्मपुर (मंडी)। नोएडा की मार्गदर्शक कंपनी के प्रबंधक हर्ष कुमार सिंह, हिमाचल प्रभारी हरदयाल सिंह गुलेरिया और मार्केटिंग प्रभारी अभिजीत सिंह ने एफपीओ धर्मपुर के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने एफपीओ के अधिकारियों के साथ संचालन के बारे में चर्चा की और अगली योजना बनाई। प्रबंधक हर्ष कुमार सिंह ने बताया कि राष्ट्रीय स्तर पर एफपीओ परियोजना सरकार ने तीन साल के लिए स्वीकृत की है। तीन साल में एक एफपीओ के संचालन के लिए केंद्र सरकार 18 लाख रुपये की वित्तीय मदद देती है।
बताया कि राष्ट्रीय सहकारिता विकास निगम ने 31 मार्च से पहले एफपीओ के मल्टी प्रोसेसिंग लघु उद्योग लगाने के लिए वित्तीय मदद उपलब्ध करवाने की सीबीबीबीओ से परियोजना मांगी है जो 15 जनवरी तक स्वीकृति के लिए भेज दी जाएगी। इसमें मल्टीग्रेन आटा चक्की, हल्दी और मसाले बनाने, मिलेट्स बेकरी प्रोडक्ट, सोयाबीन से बनने वाले प्रोडक्ट्स, फलों का अचार, चटनी और जैम बनाया जाएगा। कोल्ड स्टोर भी स्थापित किए जाएंगे। जल्दी ही एफपीओ की टीम को मार्केटिंग के बारे प्रशिक्षण और अध्ययन भ्रमण पर भेजा जाएगा। संवाद