नशामुक्ति के लिए सामूहिक शपथ समारोह हाेंगे आयोजित : बीना राठौर
संवाद न्यूज एजेंसी
धर्मपुर (मंडी)। उपमंडल धर्मपुर को नशा मुक्त बनाने के लिए गठित नशा मुक्ति अभियान समिति महात्मा गांधी की जयंती पर 2 अक्तूबर को विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन करेगी। इसमें नशा मुक्ति के लिए सामूहिक शपथ ग्रहण कार्यक्रम होंगे। इस संबंध में आंबेडकर भवन सज्याओपिपलू में क्षेत्रीय समिति की बैठक हुई, जिसकी अध्यक्षता डॉ. बीना राठौर ने की।
डॉ. राठौर ने बताया कि आगामी छह महीनों के लिए विशेष अभियान की रूपरेखा तैयार की गई है। दो अक्तूबर को आयोजित होने वाली ग्राम सभाओं में सामूहिक शपथ दिलाने की जिम्मेदारी पांच कमेटियों को सौंपी गई है। लौंगनी, जोढन और सजाओ पंचायतों के लिए डॉ. बीना राठौर, राजेंद्र पाल और कमला ठाकुर, पिपली-भराड़ी, डरवाड़ और घरवासड़ा पंचायतों के लिए रणताज राणा, सतीश कुमार, हेमराज और मेहर चंद को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसके अलावा सरी, बिंगा, समौड़ और सकलाना पंचायतों के लिए डॉ. आईएस वर्मा, कंचना और सपना जबकि टिहरा, कोट, गरयोह, सरौन, चोलथरा, बसंतपुर, पपलोग, तनियार और गरौडू पंचायतों के लिए भूपिंदर भुप्पी, रमेश तपवाल, राजीव आर्य, परजीत ठाकुर, विजय कुमार को जिम्मेदारी दी गई है। बैठक में निर्णय लिया गया कि समिति के कार्यकर्ता 1 अक्तूबर से ही विभिन्न ग्राम पंचायतों में जाकर लोगों को इस अभियान से जोड़ेंगे। 15 अक्तूबर को ग्रामीण महिला दिवस पर धर्मपुर में नशा मुक्ति विषयक महिला सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। संवाद