सराज क्षेत्र के राजकीय माध्यमिक पाठशाला केउली में जांच करते थुनाग स्कूल के प्रधानाचार्य।
- फोटो : अमर उजाला
थुनाग (मंडी)। सराज क्षेत्र की लंबाथाच पंचायत के केउली में निजी रिहायशी मकान में चल रही राजकीय माध्यमिक पाठशाला के बच्चों से किराया वसूलने पर शिक्षा विभाग ने जांच के आदेश दिए हैं। विभागीय आदेश पर राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला थुनाग के प्रधानाचार्य खेम सिंह बुधवार को जांच के लिए केउली स्कूल पहुंचे।
प्राथमिक पाठशाला केउली का भवन भी जर्जर होने से स्कूली बच्चों के लिए खतरा बना हुआ है। बुधवार को ‘अमर उजाला’ ने रिहायशी मकान में चल रहा स्कूल, बच्चों से वसूला जा रहा किराया शीर्षक से राजकीय माध्यमिक पाठशाला केउली की हकीकत को प्रमुखता से प्रकाशित किया। उच्च शिक्षा विभाग ने खबर का संज्ञान लेते हुए राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला थुनाग के प्रधानाचार्य खेम सिंह को स्कूल का निरीक्षण कर रिपोर्ट देने के आदेश दिए।
जांच को केउली पहुंचे प्रधानाचार्य खेम सिंह ठाकुर ने पाया कि माध्यमिक पाठशाला निजी मकान में चल रहा है। नीचे की मंजिल में छठी से आठवीं कक्षा के बच्चे शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। जिससे बच्चों को पढ़ाई करने में दिक्कतें आ रही हैं। साथ ही स्कूली बच्चों को शौच जाने के लिए कोई भी टॉयलेट नहीं है। बच्चे रिहायशी मकान का टॉयलेट इस्तेमाल कर रहे हैं। प्रधानाचार्य ने कहा कि प्राथमिक पाठशाला माध्यमिक की कक्षाएं चलाने के लिए पर्याप्त है। प्रधानाचार्य खेम सिंह ने कहा कि अपनी रिपोर्ट में विभाग को यह सुझाव दिया है कि माध्यमिक पाठशाला की तीन कक्षाएं कुछ समय के लिए प्राथमिक पाठशाला में चलाई जा सकती हैं, ताकि बच्चे 100 रुपये देने से बच जाएं। प्रधानाचार्य खेम सिंह ने कहा कि हमने यह भी पाया कि राजकीय प्राथमिक पाठशाला केउली का भवन बहुत ही क्षतिग्रस्त होने के कारण इसे जल्द से जल्द हटाया जाना चाहिए। स्कूल के पास अपनी भूमि है और यहां अच्छे भवन का निर्माण किया जाए। इस बारे में विभाग को अवगत करवाया गया। बच्चों से 100 रुपये रिहायशी मकान के किराये के लिए वसूलने पर अध्यापक ने बताया कि मुझे इस बारे में कोई पता नहीं है। स्कूल प्रबंधन समिति ही इसे देखती है।