मंडी। हिमाचल युवा बेरोजगार महासंघ ने सोमवार को मांगों को लेकर उपायुक्त के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा। महासंघ के जिला समन्वयक विशाल ने बताया कि प्रदेश में हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग को सुचारु रूप से चलाया जाए। जब तक ऑनलाइन पेपर नहीं लिए जाते तब तक ऑफलाइन पेपर की सुविधा दी जाए। जो फॉर्म 2022 में भरवाए गए हैं, उनकी परीक्षा शीघ्र करवाई जाए।
गेस्ट टीचर और आउटसोर्स भर्ती को पूर्ण रूप से बंद किया जाए। चुनाव से पहले उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने आउटसोर्स भर्ती न करने और पक्की नौकरी देने का वादा किया था। रोजगार संबंधित कोई भी नई नीति बनाई जाए तो उसमें युवाओं की तरफ से संघ के अध्यक्ष को बुलाया जाए। हिमाचल प्रदेश का युवा 2 सालों से भर्ती न होने से निराश है।
महासंघ ने सरकार से आग्रह किया कि कमीशन के माध्यम से जल्द भर्ती शुरू की जाए। प्रदेश के युवाओं से आग्रह किया कि सभी अपनी भागीदारी आंदोलनों में सुनिश्चित करें। अगर इन सब मांगों को जल्द पूरा नहीं किया जाता तो महासंघ प्रदेश के हर जिला में आंदोलन करेगा। कांग्रेस के सभी विधायकों और मंत्रियों का घेराव किया जाएगा। इस अवसर पर महासंघ के प्रेम ठाकुर, अजय ठाकुर, निशा ठाकुर, पवन कुमार, दीक्षा शर्मा, दिनेश ठाकुर, रोहित कुमार आदि मौजूद रहे। संवाद