सुंदरनगर (मंडी)। धर्मशाला से रिकांगपिओ जा रही हिमाचल पथ परिवहन की बस शुक्रवार रात पौने एक बजे सुंदरनगर-करसोग मार्ग पर रोहांड़ा के पास अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। हादसे में बस के नीचे दब जाने से एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई है। जबकि बस में सवार 24 लोग घायल हो गए है। घायलों को सीएचसी रोहांडा में उपचार देने के बाद नागरिक अस्पताल सुंदरनगर भेज दिया गया। जहां पर आधा दर्जन घायलों की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें चिकित्सकों ने मंडी स्थित जोनल अस्पताल के लिए रेफर कर दिया है।
हादसे की सूचना मिलने पर उपायुक्त मंडी के निर्देश पर एडीएम मंडी विवेक चंदेल, एसडीएम राजीव कुमार व डीएसपी सुंदरनगर संजीव भाटिया रात को ही बचाव दल के साथ मौके पर पहुंचे। घायलों को 108 एंबुलेंस की सहायता से सुंदरनगर व मंडी पहुंचाया गया है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरु कर दी है।
जानकारी के अनुसार धर्मशाला से रिकांगपियो जा रही परिवहन निगम की बस (एचपी 25ए/2249) रात पौने एक बजे जब रोहांडा के समीप मोड काटते समय अनियंत्रित होकर करीब दो सौ फीट नीचे खाई जा गिरी। जिस स्थान से बस गिरी वहंा नीचे झाडिय़ां व पेड़ काफी हैं। जिससे लुढ़कते समय बस की गति थोड़ी कम हो गई। लेकिन हादसे में बस में सवार 24 लोग गंभीर रुप से घायल हो गए। बस के लुढ़कते ही पीछे से आ रहे एक वाहन ने तुरंत इस हादसे की सूचना पुलिस को दी। जिस पर एडीएम विवेक चंदेल, एसडीएम राजीव कुमार, डीएसपी संजीव भाटिया ने मौके पर व तहसीलदार वेद प्रकाश ने अस्पताल में मोरचा संभाला।
हादसे की जानकारी मिलने पर उपायुक्त मंडी संदीप कदम ने तुरंत आसपास के सभी अस्पतालों से 108 एंबुलेंस को मौके पर रवाना कर दिया। स्थानीय लोगों ने भी पुलिस व प्रशासन के साथ सहयोग करते हुए घायलों को बस से निकाल के लिए प्राथमिक उपचार के लिए रोहांड़ा सीएचसी में पहुंचाया। जहां पर उपचार के उपरांत सभी घायलों को सुंदरनगर के नागरिक अस्पताल में भेज दिया गया। यहां पर पहले से ही वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डा.जावेद के नेतृत्व में तैयार बैठी चिकित्सकों व पैरामेडिकल स्टॉफ की टीम ने तुरंत घायलों का उपचार आरंभ कर दिया। शुक्रवार को दोपहर को जांच के दौरान मौके पर बस के नीचे दबने से बुरी तरह से कुचले गए एक व्यक्ति का शव बरामद हुआ है। जिसकी शिनाख्त बीड़ निवासी गाबा शेरपा के रुप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। तहसीलदार वेद प्रकाश ने बताया घायलों को प्रशासन की ओर से फौरी सहायता के रुप में पांच-पांच हजार रुपये की राशि प्रदान की गई है। डीएसपी संजीव भाटिया ने बताया पुलिस ने बस चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरु कर दी है।
बाक्स
गत माह सात मई को धर्मशाला से रिकांगपियो जा रही एचआरटीसी की बस जोगिंद्रनगर से गलू के पास ओवर टेक करते हुए खाई में गिर गई। जिससे 12 लोगों की मौत हो गई। जबकि 50 से अधिक लोग घायल हो गए थे। इसी रूट पर निगम की बस दोबारा रोहांडा के पास हादसे का शिकार हो गई।
हादसे के घायलों की सूची
सुंदरनगर(मंडी)। सुंदरनगर-करसोग मार्ग पर रोहांड़ा के निकट शुक्रवार रात धर्मशाला से रिकांगपियो जा रही बस हादसे के घायलों की पहचान पालमपुर के भरमात निवासी अमित कुमार(29), मंडी के उरला निवासी हरिया राम, भोरंज के छातरकलां निवासी सुरेश कुमार(37), मंडी के बहलीधार निवासी लेखराज(23) व विजय कुमार(23),पालमपुर के जिया निवासी चतर सिंह(36), पालमपुर के खैरा निवासी अजय कुमार(44), कुल्लू के साह निवासी पुष्पेंद्र सिंह(17), पधर के पपलाहन निवासी राजकुमार (25), पालमपुर के रझियूम निवासी ओंकार चंद (47),जोगिंद्रनगर के सुक्का बाग निवासी संजीव कुमार, करसोग के केलोधार निवासी तिलक राज, बैजनाथ के ठारा निवासी जय राम (52), सांगला के कामरु निवासी अरविंद नेगी, बैजनाथ के खड़ा नाल निवासी संजीव कुमार, मंडी के बैहना निवासी वीरेंद्र कुमार, नूरपुर के सनेका निवासी सपना देवी, पालमपुर के घुंघर टांडा निवासी सरवण सिंह(बस चालक),करसोग के रसोग निवासी डेविड कुमार(21), आनी निवासी यशपाल, (18), बैजनाथ के बीड़ निवासी नोरबू सरेपा(30), रामपुर निवासी भूपेश कुमार, सरकाघाट के खरनाल निवासी रोहित कुमार व आनी निवासी रोहित कुमार के रुप में हुई है। हादसे में गंभीर रुप से घायल ओंकार चंद, अमित कुमार, सुरेश कुमार, लेखराम, विजय कुमार व पुष्पेंद्र कुमार को मंडी स्थित जोनल अस्पताल के लिए रेफर किया गया है।