जिला स्तरीय किसान मेला पधर के समापन पर निकली जलेब में भाग लेते देवी देवता देवलुओं के साथ । स्रो
- फोटो : संवाद
पधर (मंडी)। जिला स्तरीय किसान मेला पधर का समापन शनिवार को देवी-देवताओं की भव्य जलेब के साथ हुआ। अतिरिक्त उपायुक्त मंडी रोहित राठौर जल शक्ति विभाग के विश्राम गृह डलाह में समस्त देवी-देवताओं की पूजा-अर्चना के बाद निकली भव्य जलेब में शामिल हुए। इसके बाद पधर मैदान में मेले का झंडा उतारकर इसका विधिवत समापन किया।
अतिरिक्त उपायुक्त ने समस्त क्षेत्र एवं प्रदेशवासियों को जिला स्तरीय किसान मेला पधर की बधाई दी। कहा कि मेले और त्योहार हमारी पुरातन संस्कृति और जीवन शैली के आधार हैं। इन लोक उत्सवों और मेलों के आयोजन से लोक संस्कृति के संरक्षण और संवर्द्धन को बल मिलता है तथा नई ऊर्जा, नए उल्लास, नई उमंग और नए उत्साह का संचार भी होता है। मेले के दौरान देवी-देवताओं के आगमन एवं मेल मिलाप से हमारी प्राचीन देव संस्कृति को बल मिलता है।
प्रतियोगिताओं के विजेताओं को नवाजा
उन्होंने मेले में हुई विभिन्न प्रतियोगिताओं वॉलीबाल, कबड्डी, बैडमिंटन, रस्साकशी, मटका फोड़, म्यूजिकल चेयर और अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लेने वाले स्कूली छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत किया। मेला समिति के अध्यक्ष एवं एसडीएम पधर सुरजीत सिंह ने मुख्यातिथि का स्वागत किया।
स्मारिका का विमोचन
इस अवसर पर वरिष्ठ लेखक एवं संपादक तिलक राज गौतम की ओर से तैयार की गई जिला स्तरीय किसान मेला पधर की स्मारिका का विमोचन भी किया गया। इस मौके पर तहसीलदार डाॅ. भावना वर्मा, जिला परिषद सदस्य रविकांत, केहर सिंह, बुद्धि सिंह, हेम सिंह आदि मौजूद रहे। संवाद