मंडी के बाल स्कूल में खेले जा रहे स्तरीय बास्केट बाल प्रतियोगिता के फाइनल में गोल के लिए भिड़
मंडी। छोटी काशी के पड्डल मैदान और बाल स्कूल मंडी में 33वीं अंडर-17 राज्य स्तरीय बास्केटबाल प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले रविवार को खेले गए। छात्राओं के वर्ग में स्पोर्ट्स हॉस्टल सरकाघाट की टीम ने सोलन को 58-20 के अंतर से हराकर खिताब अपने नाम किया। वहीं, लड़कों के वर्ग में कांगड़ा की टीम ने स्पोर्ट्स हॉस्टल पपरोला को 68-66 के अंतर से पराजित किया।
इससे पहले खेले गए सेमीफाइनल मुकाबलों में छात्राओं के वर्ग में पहले मैच में सरकाघाट ने मंडी की टीम को 58-20 के अंतर से हराकर फाइनल में जगह बनाई। दूसरे मुकाबले में सोलन ने कांगड़ा को 48-30 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। वहीं, लड़कों के वर्ग में पहले सेमीफाइनल मैच में स्पोर्ट्स हॉस्टल पपरोला ने सिरमौर को 56-54 से हराया।
दूसरे मैच में कांगड़ा ने हमीरपुर को 97-68 के अंतर से हराकर फाइनल में जगह पक्की की। बाल स्कूल में हुए फाइनल मुकाबले के बाद बतौर मुख्यातिथि पहुंचे उपायुक्त अपूर्व देवगन ने विजेता युवतियों की टीम को सम्मानित किया। वहीं, पड्डल में विजेता टीम को प्रदेश कांग्रेस महासचिव अमित पाल ने सम्मानित किया।
जिला बास्कटबाल संघ के सचिव अशोक कुमार शर्मा ने बताया कि प्रतियोगिता में लड़कों में कांगड़ा की टीम विजेता और स्पोर्ट्स हॉस्टल पपरोला की टीम उपविजेता रही। लड़कियों में सरकाघाट की टीम विजेता और सोलन की टीम उपविजेता रही।
मंडी के बाल स्कूल में खेले जा रहे स्तरीय बास्केट बाल प्रतियोगिता के फाइनल में गोल के लिए भिड़