ऐहजू में घटना से पहले आरोपियों ने पालमपुर में भी पूर्व सैनिक से की थी मारपीट
संवाद न्यूज एजेंसी
जाेगिंद्रनगर(मंडी)। जाेगिंद्रनगर में कॉलेज की छात्रा से चलती कार से छीना झपटी और लूटपाट मामले में पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर छात्रा का दुपट्टा बरामद कर लिया है। रिमांड पर चल रहे पंजाब राज्य के आरोपियों के साथ पुलिस ने वीरवार को गलू के समीप झाड़ियों में कॉलेज की छात्रा का यह दुपट्टा बरामद किया है।
वहीं, छीना झपटी में छात्रा के चुराए गए पर्स का अभी भी कोई सुराग नहीं मिल पाया है। वीरवार दोपहर बाद पीड़ित छात्रा नेहा और पिता अमरनाथ की मौजूदगी में जांच अधिकारी एएसआई अजय ने जब आरोपियों से पूछताछ की तो उन्होंने अपना गुनाह कबूला और बताया कि उन्होंने ऐहजू में इस घटना को अंजाम देने से पहले पालमपुर में भी पूर्व सैनिक से मारपीट की थी। इस दौरान पुलिस ने आरोपियों के की ओर से कबूले गुनाह की वीडियो रिकॉर्डिंग भी की और पीड़ित छात्रा और उसके परिजनों की मौजूदगी में आवश्यक कानूनी कार्रवाई भी अमल में लाई। पुलिस थाना के कार्यकारी प्रभारी रणजीत सिंह ने बताया कि प्रदेश में की गई इस तरह की अन्य वारदातों के भी पुलिस साक्ष्य जुटाएगी। बता दें कि मंडी-पठानकोट हाईवे पर ऐहजू के समीप दो सप्ताह पहले कॉलेज की छात्रा नेहा जब ऐहजू बस स्टॉप पर मौजूद थी, तभी पंजाब राज्य के तीन आरोपियों ने उसे चलती कार में घसीटा था।
उधर, तीन दिन की पुलिस रिमांड के बाद शुक्रवार को जोगिंद्रनगर पुलिस आरोपियों को फिर न्यायालय में पेश करेगी। इस दौरान पालमपुर पुलिस भी न्यायालय में पहुंचकर आरोपियों को अपनी कस्टडी में लेने की मांग न्यायालय से कर सकती है।