पिछले साल की तरह इस बार भी ब्यास ने बाजार में दिखाया रौद्र रूप, एक व्यक्ति किया रेस्क्यू
संवाद न्यूज एजेंसी
पंडोह (मंडी)। मंडी के पंडोह में वीरवार सुबह पंडोह बाजार के लोग उस वक्त सहम गए, जब ब्यास का पानी बाजार में घुसने लगा। बाजार में जलभराव होता देख लोग अपना सामान लेकर सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे। इस दौरान कुछ लोग अपना सामान दूसरी मंजिल पर ले जाते दिखे तो कुछ दूसरों घरों की तरफ सामान ले जाते हुए नजर आए, जो जलसंकट से दूर थे।
यही नहीं कुछ लोगों ने तो दूर स्थित अपने रिश्तेदारों के घरों में ही जाकर पनाह ले ली है। इस दौरान एक व्यक्ति को रेस्क्यू भी करना पड़ा। यह व्यक्ति अपने घर की दूसरी मंजिल पर सोया हुआ था और धरातल पर पानी भर गया था। साथ लगते घर से सीढ़ी डालकर व्यक्ति को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया। बुधवार की रात हुई भारी बारिश के कारण और मलाणा में डैम फटने के कारण ब्यास का जलस्तर में अचानक बहुत बढ़ गया। यह पानी पंडोह बाजार में घुसने लगा और राधा कृष्ण वर्मा, संजय शर्मा, केवल कृष्ण, महेंद्र पाल, तीर्थ राज, अश्वनी सैनी, सरवजीत कौर, अर्जुन सिंह, सुरेंद्र पाल, अश्वनी पठानिया और कुलदीप ठाकुर सहित अन्य के घरों, दुकानों पर खतरा मंडराने लगा। गनीमत यह रही कि जलस्तर बाबा बालक नाथ मंदिर तक पहुंचने के बाद धीरे-धीरे कम हो गया और पंडोह के लोगों ने राहत की सांस ली।
फिर याद आया एक साल पुराना मंजर
पंडोह के लोगों को एक साल पुराना मंजर फिर से याद आ गया और साथ ही नेताओं के वे वादे भी याद आए जो एक साल पहले उन्होंने पंडोह बाजार में ब्यास नदी के तट पर सुरक्षा दीवार लगाने के लिए किए थे । लाेगों ने कहा कि ये वादे आज दिन तक धरातल पर नहीं उतरे। जानकारी के अनुसार बीबीएमबी प्रबंधन इस सुरक्षा दीवार को लगाने जा रहा है, लेकिन यह लगेगी कब इसकी किसी के पास कोई जानकारी नहीं है। लोगों में इस बात को लेकर आक्रोश है कि पिछले साल इतनी बड़ी त्रासदी होने के बाद भी सरकार और प्रशासन ने इससे कोई सबक नहीं लिया है।