चौंतड़ा (मंडी)। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत नए सिरे से जियो टैगिंग शुरू हो गई है। विकास खंड चौंतड़ा की 42 पंचायतों में विशेष अभियान के तहत कच्चे मकानों के अलावा बचे हुए परिवारों को केंद्र सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना से लाभान्वित किया जाएगा।
साल 2018 में किए सर्वे में पात्र परिवारों को आवास सुविधा का लाभ न मिलने को लेकर पंचायत प्रतिनिधियों और स्थानीय बाशिंदों ने भी आवाज बुलंद की थी। आरोप था कि नियमित तौर पर सर्वे नहीं किया जा रहा। सर्वे के लिए अधिकृत कर्मचारियों की भी अनदेखी की जा रही थी। अब नए सिरे से जियो टैगिंग शुरू हुई है तो इससे छूटे हुए परिवारों को पक्के आवास की सुविधा का लाभ मिलेगा।
वीरवार को विकास खंड चौंतड़ा की गलू पंचायत में शुरू हुई जियो टैगिंग के बारे में प्रधान सुनीता ने बताया कि पंचायत प्रतिनिधियों, ग्राम सेवकों और तकनीकी सहायकों की मौजूदगी में गठित टीम जियो टैगिंग कर रही है। पात्र परिवारों को ही इस योजना से लाभान्वित किया जाएगा। साल 2018 में हुई जियो टैगिंग के दौरान 1054 पात्र परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पक्के मकानाें की सुविधा से लाभान्वित किया गया।
..
विकास खंड चौंतड़ा में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत नए सिरे से जियो टैगिंग शुरू कर दी गई है। 31 मार्च तक चलने वाले इस अभियान के तहत पात्र परिवारों को इस योजना से लाभान्वित करने का लक्ष्य रखा गया है। पंचायत प्रधान, सचिव और तकनीकी सहायक जियो टैगिंग के सर्वे के लिए 42 पंचायतों में तैनात कर दिए गए हैं।
-कला देवी, खंड विकास अधिकारी चौंतड़ा