जोगिंद्रनगर अस्पताल में रंगड़ों के हमले से घायल लोक निर्माण विभाग का बेलदार। स्रोत जागरूक पाठक
जोगिंद्रनगर (मंडी)। उपमंडल जोगिंद्रनगर में रंगड़ों के हमलों का सिलसिला लगातार बढ़ता जा रहा है। ताजा घटना में लोक निर्माण विभाग के एक बेलदार पर रंगड़ों के झुंड ने हमला कर दिया, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। साथ काम कर रहे पांच मजदूरों ने मौके से भागकर अपनी जान बचाई।
यह घटना लोक निर्माण विभाग के मकरीड़ी अनुभाग के अंतर्गत धनोटू-शाहजजरल सड़क पर उस समय हुई जब मजदूर कार्य कर रहे थे। इसी दौरान बेलदार ज्ञान चंद पर अचानक रंगड़ों ने हमला बोल दिया। हमले के बाद चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल को एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। उधर, लगातार बढ़ रहे इन हमलों से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है और प्रशासन से सुरक्षा व रोकथाम के ठोस कदम उठाने की मांग की जा रही है। वहीं, नागरिक अस्पताल जोगिंद्रनगर के एसएमओ डॉ. विकास नाथ ने बताया कि रंगड़ों के हमलों से घायल लोग लगातार अस्पताल पहुंच रहे हैं और उनका उपचार किया जा रहा है।
15 दिन में 20 से अधिक लोग घायल
उपमंडल में पिछले 15 दिन से रंगड़ों के हमलों का सिलसिला लगातार जारी है। अब तक करीब 20 लोग इन हमलों में घायल हो चुके हैं। सबसे अधिक मामले द्राहल क्षेत्र से सामने आए हैं। घायलों में दो बच्चे साहिल और मुस्कान के अलावा स्कूल छोड़ने जा रही उनकी मां संगीता, द्राहल निवासी प्रेम सिंह, भेड़पालक काहन सिंह और उनके बेटे नरेंद्र भी शामिल हैं। इसके अलावा 90 वर्षीय बुजुर्ग अमर सिंह, जलपेहड़ निवासी 52 वर्षीय श्रीपत और मझवाड़ निवासी रामदास भी रंगड़ों के हमले में घायल हुए हैं।