बरोट (मंडी)। चौहारघाटी के बरोट स्थित ठंडी गुलाई में गांधी जयंती के उपलक्ष्य पर चल रहा तीन दिवसीय मेला शनिवार को संपन्न हो गया। मेले के समापन अवसर पर बड़ीधार पंचायत के बीडीसी सदस्य घनश्याम ठाकुर बतौर मुख्यातिथि शरीक हुए। स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों ने मुख्यातिथि को सम्मानित किया।
स्थानीय महिला मंडलों ने मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किए। मुख्यातिथि ने आयोजकों को बधाई दी। मुख्यातिथि ने बताया कि गांधी जयंती पर लगने वाला यह मेला पिछले 30 वर्षों से बरोट गांव में आयोजित किया जाता रहा है। मेले को आकर्षक बनाने के लिए स्थानीय महिला मंडलों और युवक मंडलों की ओर से सांस्कृतिक एवं खेलकूद गतिविधियों का आयोजन किया जाता है। इस अवसर पर बीडीसी सदस्य बरोट कृष्ण चंद, बरोट पंचायत प्रधान रमेश सहित अन्य लोग मौजूद रहे। संवाद