बीबीएमबी के सुंदरनगर जलाशय के दो ड्रेजर गाद उगलने को तैयार
संवाद न्यूज एजेंसी
सुंदरनगर (मंडी)। भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड के सुंदरनगर स्थित जलाशय से ड्रेजर गाद उगलने को तैयार हैं। नौ माह के बाद एक बार फिर दो ड्रेजर शिफ्ट में सुकेती खड्ड में गाद बहाएंगे। इससे एक बार फिर सुकेती की निर्मल धारा गाद से दूषित हो जाएगी। इससे बल्ह की उपजाऊ जमीन को भी नुकसान पहुंचेगा।
भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड के डैहर स्थित 990 मेगावाट की विद्युत उत्पादन क्षमता वाले पावर हाउस के लिए जलाशय से पानी की आपूर्ति की जाती है। जलाशय के लिए पानी पंडोह बांध से टनल के माध्यम से बग्गी, इसके बाद खुली नहर से होते हुए जलाशय तक पहुंचता है। हर साल बीबीएमबी सुंदरनगर स्थित जलाशय से गाद की निकासी सुकेती खड्ड में करता है। करीब नौ माह की अवधि में जलाशय में जमा गाद को ड्रेजर की मदद से बाहर निकाला जाता है।
बरसात के मौसम में पानी के साथ अधिक मात्रा में गाद जलाशय तक पहुंचती है इसलिए मानसून सीजन में ड्रेजिंग करना आवश्यक रहता है। जिससे कि पावर हाउस की टरबाइनों को किसी तरह का नुकसान न पहुंच सके। पिछले दिनों भी भारी बारिश की वजह से पानी में मलबा और गाद की मात्रा बढ़ जाने से पंडोह बांध से ही जलाशय को आने वाले पानी को रोक दिया गया था। ड्रेजर चलने के बाद झील नियमित रूप से साफ रहती है।
बॉक्स
एक जुलाई से तीन शिफ्ट में दो ड्रेजरों के माध्यम से सुंदरनगर के जलाशय से गाद निकाली जाएगी। यह कार्य मानसून सीजन तक जारी रहेगा। ड्रेजरों मरम्मत कर अन्य तैयारियों को पूरा कर लिया है।
-एमएस गिल, अधिशासी अभियंता, बीबीएमबी