एक्स रे फिल्म की कमी दूर करने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने मंगवाई 1500 फिल्में, सोमवार तक पहुंचने की उम्मीद
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। क्षेत्रीय अस्पताल मंडी में एक्स रे फिल्म की कमी के कारण पिछले कुछ समय से मरीजों को निशुल्क एक्स रे सुविधा नहीं मिल पा रही थी। इस वजह से कई मरीजों को निजी लैब और अस्पतालों का रुख करना पड़ रहा था, जहां उन्हें अधिक शुल्क चुकाना पड़ रहा था। अब स्वास्थ्य विभाग ने समस्या के समाधान के लिए 1500 एक्स रे फिल्मों की मांग भेज दी है और सोमवार से अस्पताल में निशुल्क एक्स रे सुविधा फिर से शुरू होने की उम्मीद है।
अस्पताल में एक्स रे फिल्म उपलब्ध न होने के दौरान जिला रेडक्रॉस सोसायटी के माध्यम से 150 रुपये शुल्क लेकर डिजिटल एक्स रे की सुविधा दी जा रही थी। हालांकि मरीजों की संख्या अधिक होने के कारण सभी को इसका लाभ नहीं मिल पा रहा था। ऐसे में अधिकांश मरीज निजी संस्थानों में एक्स रे करवाने को मजबूर थे।
अस्पताल प्रबंधन लगातार संबंधित कंपनी और विभागीय अधिकारियों के संपर्क में था ताकि जल्द से जल्द एक्स रे फिल्म उपलब्ध करवाई जा सके। शनिवार को अस्पताल प्रशासन ने संबंधित कंपनी को 1500 एक्स रे फिल्मों की मांग भेजी है।
क्षेत्रीय अस्पताल मंडी के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. दिनेश ठाकुर ने बताया कि अस्पताल के लिए 1500 एक्स रे फिल्मों की मांग की गई है, जो सोमवार तक पहुंचने की संभावना है। उन्होंने कहा कि फिल्में उपलब्ध होते ही मरीजों को नियमित रूप से निशुल्क एक्स रे सुविधा प्रदान की जाएगी। साथ ही जिले के अन्य अस्पतालों में भी जल्द एक्स रे फिल्म की आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए विभागीय अधिकारियों और कंपनी से समन्वय किया जा रहा है।