सुंदरनगर/जोगिंद्रनगर (मंडी)। पुलिस का नशे के खिलाफ अभियान जारी है। इसके तहत मंगलवार को पुलिस ने सुंदरनगर और जोगिंद्रनगर क्षेत्र में चिट्टा के साथ चार युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चारों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार सुंदरनगर थाना पुलिस की गश्ती टीम मंगलवार शाम को खिलड़ा क्षेत्र में एक निजी कॉलेज के समीप थी। इस दौरान दो युवक मोटरसाइकिल पर वहां पहुंचे। गतिविधियां संदिग्ध लगने पर पुलिस ने उनकी तलाशी ली।
इस दौरान निखिल पठानिया निवासी गांव महादेव और युवराज निवासी गांव भौण काटली के पास से छह ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। डीएसपी भारत भूषण ने पुष्टि करते हुए कहा कि आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। अदालत ने उन्हें तीन दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा है।
उधर, पुलिस ने जोगिंद्रनगर के आरठी क्षेत्र में भी गश्त के दौरान गौरव शर्मा और कमल कुमार को 6.20 ग्राम चिट्टे के साथ पकड़ा। पुलिस को देखकर दोनों युवकों ने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उनके पास 6.20 ग्राम चिट्टा बरामद किया। जोगिद्रनगर थाना प्रभारी सकीनी कपूर ने कहा कि दोनों आरोपियों को दो दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा है और उनसे पूछताछ की जा रही है।