सरकाघाट के पाड़च्छू के पास आवारा पशु छोड़ने के विरोध में एनएच पर चक्का जाम से फंसे लोग।
- फोटो : अमर उजाला
सरकाघाट (मंडी)। उपमंडल सरकाघाट के पाड़च्छू पुल के पास गत देर रात हमीरपुर जिले के पपलाह गांव से तीन गाड़ियों में भरे लावारिस पशुओं को छोड़ने पर ग्रामीणों ने मंगलवार को एनएच पर चार घंटे तक चक्का जाम किया। ग्रामीणों ने एक चालक को पकड़ लिया, जबकि दो मौके से फरार हो गए। एसडीएम डा. सुरेश जसवाल के हस्तक्षेप करने के बाद ग्रामीणों ने जाम खोला।
जानकारी के मुताबिक सोमवार रात को पाड़च्छू पुल के पास सुनसान जगह पर कुछ लोग गाड़ियों से लावारिस पशु उतारने लगे। आवाज सुन कर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों के मुताबिक पपलाह निवासी राजेंद्र कुमार और अन्य दो लोग गाड़ी से लावारिस पशुओं को छोड़ रहे थे। स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर गाड़ी चालक को घेर लिया। लोगों ने पुलिस और पंचायत प्रधान को सूचित किया।
तीन गाड़ियों से करीब चालीस लावारिस पशुओं को उतारा जा रहा था। जिन्हें प्रशासन ने डली गौसदन भेज दिया है। मंगलवार सुबह स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में लावारिस पशु छोड़ने पर एनएच-70 पर चक्का जाम कर विरोध जताया। लोगों ने पुलिस और प्रशासन के खिलाफ भी नारेबाजी की। एसडीएम सरकाघाट डा. सुरेश जसवाल मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को भविष्य में इस प्रकार की घटना न होने देने का भरोसा दिया। उन्होंने पशुओं को गौ सदन डली भेज दिया। पुलिस ने गाड़ी मालिक के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी। डीएसपी मदन धीमान ने कहा कि गाड़ी मालिक के विरुद्ध मामला दर्ज कर पुलिस छानबीन कर रही है।