धर्मपुर (मंडी)। उपमंडल की बनेहरड़ी, पैहड़ और कुम्हारडा पंचायतों का संयुक्त महिला सम्मेलन भाजपा मंडल अध्यक्ष लेखराज ठाकुर की अध्यक्षता में बनेहरड़ी में रविवार को आयोजित किया गया। सम्मेलन में पूर्व मंत्री ठाकुर महेंद्र सिंह उपस्थित रहे। पूर्व मंत्री सरकार पर खूब बरसे। कहा कि धर्मपुर क्षेत्र में विकास कार्य पूरी तरह ठप पड़े हैं।
बरसात के बाद कई प्रमुख सड़कें बहाल नहीं हो पाई हैं। इससे स्थानीय जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार जनता की समस्याओं के समाधान के प्रति गंभीर नहीं है। मोदी सरकार की जमकर प्रशंसा करते हुए कहा कि देशभर में विकास की नई इबारत लिखी जा रही है। महिलाओं के सशक्तीकरण के लिए कई ऐतिहासिक कदम उठाए गए हैं। उन्होंने महिलाओं का आह्वान किया कि वह केंद्र सरकार की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाएं।
इस अवसर पर प्रदेश भाजपा कार्यसमिति सदस्य रजत ठाकुर ने भी प्रदेश सरकार को घेरते हुए कहा कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में आम आदमी खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहा है। भाजपा ही एकमात्र ऐसी पार्टी है जो विकास और जनकल्याण के मुद्दों पर गंभीरता से काम करती है।
कार्यक्रम में जिला परिषद सदस्य जगदीश चंद बिट्टा, पंचायत प्रधान पैहड़ मीना देवी, बनेहरड़ी पंचायत प्रधान मीरा देवी, उपप्रधान बनेहरड़ी राजेंद्र पाल, प्रमिला देवी आदि उपस्थित रहे। संवाद