त्योहारी सीजन में विभागीय टीम ने लिया जायजा, लैब भेजे जाएंगे नमूने
संवाद न्यूज एजेंसी
करसोग (मंडी)। त्योहारी सीजन में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने शुक्रवार को चुराग और पांगणा क्षेत्र में निरीक्षण किया। इस दौरान टीम ने मिठाई की रेहड़ी, मिठाई की दुकानों और बेकरी से खाद्य पदार्थों के कुल पांच सैंपल भरे। सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी सचिन लखनपाल के नेतृत्व में विभागीय टीम ने कार्रवाई करते हुए मिठाई की रेहड़ी से दो और मिठाई की दुकानों से दो सैंपल लिए। इसके अलावा एक बेकरी से फेन का नमूना भी भरा गया। प्रयोगशाला की रिपोर्ट आने के बाद ही खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और निर्धारित मानकों के अनुरूप होने की स्थिति स्पष्ट होगी।
त्योहारों के दौरान मिठाइयों और अन्य खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ जाती है। ऐसे में उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य की सुरक्षा और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए विभाग की ओर से निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है।
विभागीय सहायक आयुक्त एलडी ठाकुर ने बताया कि त्योहारी सीजन को देखते हुए जिलेभर में निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत खाद्य पदार्थों की रैंडम सैंपलिंग की जा रही है। उन्होंने कहा कि किसी भी उपभोक्ता को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर कोई शिकायत या संदेह हो, तो वह विभाग से संपर्क कर सकता है।