मंडी। शहरी क्षेत्र के साथ अब मर्ज एरिया के वार्डों में भी गंदगी फैलाने वालों पर नगर निगम ने सख्ती बरतनी शुरू कर दी है। सोमवार को नगर निगम की टीम ने सफाई पर्यवेक्षक सतीश गुलेरिया के नेतृत्व में दौहंदी वार्ड का स्थानीय पार्षद अंजय कुमारी की मौजूदगी में निरीक्षण किया और सफाई व्यवस्था का जायजा लिया।
इस दौरान हाईवे के किनारे रेहड़ी लगाकर गंदगी फैलाने वाले पांच लोगों के मौके पर 500-500 रुपये के चालान किए गए। इस दौरान वार्ड में कूड़े के हॉटस्पॉट भी चिह्नित किए गए। चक्कर, गुटकर, नागचला समेत खड्डों और नालों में चिह्नित कूड़े के हॉटस्पॉट पर निगरानी रखने और उसे साफ करने के भी निर्देश दिए गए।
बता दें कि दोहंदी वार्ड में चरमराई गंदगी की समस्या को अमर उजाला ने प्रमुखता से उठाया था। इसके बाद नगर निगम ने निरीक्षण करने और सफाई व्यवस्था के सुधार की बात कही थी। सोमवार को निरीक्षण के दौरान स्थानीय पार्षद अंजय कुमारी ने लोगों से वार्ड में सफाई रखने की भी गुहार लगाई। नगर निगम के आयुक्त एचएस राणा ने बताया कि वार्डों में सफाई को लेकर कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वार्ड में सफाई की उल्लंघना करते कोई पकड़ा गया तो उसका मौके पर चालान काटा जाएगा।