बग्गी (मंडी)। नलसर के युवक विजय की हत्या के मामले में पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि सभी ने पहले खयूरी में पार्टी की। इस दौरान ही लेन-देन को लेकर बहस हुई। युवक विजय को लात घूंसों और डंडों से दोनों आरोपियों ने मौत के घाट उतार दिया।
घटना में इस्तेमाल किए गए डंडे को रिकवर किया जाना बाकी है। दोनों आरोपियों को रविवार को अदालत में पेश किया गया। दोनों को तीन दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। 10 दिसंबर को घर से लापता हुए विजय निवासी नलसर की बीबीएमबी टनल खयूरी के समीप पुराने कमरे में हत्या कर दी गई थी। आरोपियों की मृतक विजय कुमार से किस तरह का लेन देन था, इस पर पुलिस तथ्य जुटा रही है। तीन दिन की पुलिस रिमांड में आरोपियों से पूछताछ की जाएगी। पुलिस दोनों आरोपियों की आपराधिक पृष्ठभूमि भी खंगाल रही है।
वीरवार शाम को बीबीएमबी टनल खयूरी के समीप एक पुराने कमरे में नलसर निवासी 27 वर्षीय विजय का शव संदिग्ध हालात में मिला था। अर्धनग्न शव पर चोटों के निशान थे। मृतक के भाई रोहित ने हत्या का आरोप लगाया था। अब पुलिस आरोपियों से सच उगलवाने में जुट गई है। उधर, डीएसपी मुख्यालय दिनेश कुमार ने बताया कि आरोपियों को तीन दिन का पुलिस रिमांड मिला है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच पड़ताल कर रही है।
0000