मंडी में पुराने कॉलेज रोड में सिलिंडर की पाइप से दुकान में लगी आग। संवाद
मंडी। शहर के पुराने सुकेती पुल के पास शुक्रवार दोपहर एक सब्जी की दुकान में गैस सिलिंडर के पाइप में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की सूझबूझ से आग पर समय रहते काबू पा लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
पुलिस के अनुसार करीब 12:45 बजे हरिमन निवासी छनवाड़ी कहनवाल (सदर मंडी) की सब्जी दुकान में गैस सिलिंडर के पाइप से अचानक आग की लपटें उठने लगीं। आग लगते ही दुकान में रखा सामान भी जलने लगा, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई।
घटना के दौरान दुकानदार और आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत सूझबूझ दिखाते हुए गीली बोरियों से आग बुझाने का प्रयास किया और कुछ ही देर में आग पर काबू पा लिया गया। सूचना मिलने पर दमकल विभाग की टीम भी मौके के लिए रवाना हुई लेकिन उसके पहुंचने से पहले ही आग बुझ चुकी थी।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। प्रारंभिक आकलन में करीब पांच हजार रुपये के नुकसान की बात सामने आई है। आग से दुकानदार के नए कंबल और पुराने कपड़े जलकर राख हो गए।
दुकानदार हरिमन ने बताया कि वह कुकर में अरबी की सब्जी बना रहा था और इस दौरान वह बर्तन धोने में व्यस्त था, तभी अचानक सिलिंडर के पाइप में आग लग गई। स्थानीय लोगों की तत्परता से बड़ा नुकसान होने से बच गया।