मंडी में आईटीआई के पास पुल से नीचे गिरी मोटरसाइकिल लोहे के एंगल के साथ। संवाद
मंडी। शहर के आईटीआई चौक पर शुक्रवार दोपहर एक बाइक अनियंत्रित होकर लोहे के एंगल के साथ सुकेती खड्ड में जा गिरी। हादसे में बाइक चालक लीलाधर निवासी गनौड़ बालीचौकी लोहे के एंगल के साथ लटक गया, जिससे उसकी जान बच गई।
ट्रैफिक पुलिस कर्मी ने उसे तुरंत खड्ड से निकालकर थ्री व्हीलर के माध्यम से जोनल अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार हादसा शुक्रवार दोपहर करीब पौने तीन बजे उस समय हुआ, जब बाइक चालक बस स्टैंड से बाजार की ओर जा रहा था। इसी दौरान आईटीआई चौक के पास बाइक अनियंत्रित हो गई। सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने बाइक चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने को लेकर प्राथमिकी दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। एसपी विनोद कुमार ने मामले की पुष्टि की है।