धर्मपुर के भराड़ी में खड़ी एचआरटीसी बस में भड़की आग। स्त्रोत - जागरूक पाठक
धर्मपुर (मंडी)। धर्मपुर के भराड़ी में शनिवार शाम को एचआरटीसी ककी खड़ी बस में आग भड़क गई। आनन-फानन लोगों और स्टाफ ने आग पर काबू पाया। आग लगने के कारण शार्ट सर्किट बताया जा रहा है। गनीमत यह रही कि बस स्टेशन में पहुंचने के बाद खड़ी थी और इसमें कोई सवारी नहीं थी, जिससे बड़ा हादसा होने से बच गया।
जानकारी के अनुसार धर्मपुर लखरेहड़ वाया सज्जओपिपलू टिहरा रूट की बस रोजाना की तरह शनिवार शाम पांच बजे धर्मपुर से रवाना हुई और तय समय पर स्टेशन पर पहुंची। चालक ने सभी सवारियाें को उतारकर बस को रात्रि ठहराव के लिए भराड़ी स्टेशन लाया। यहां खड़ी करते ही अचानक बस से धुंआ निकलना शुरू हो गया। देखते ही देखते इंजन में आग भड़क गई। थोड़ी ही देर में आग लपटें निकलना शुरू हो गईं। मौके पर मौजूद चालक ने साथ लगती दुकानों से पानी की बाल्टी लेकर आग बुझाने में लग गया। इतने में और लोग भी पहुंच गए। कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पा लिया, लेकिन घटना में बस के अगले हिस्से को काफी नुकसान पहुंचा है। सूचना मिलते ही मैकेनिकल टीम मौके पर पहुंच गई है। यह टीम घटना को लेकर जांच पड़ताल करेगी और तथ्य जुटाएगी।
उधर, एचआरटीसी धर्मपुर डिपो के क्षेत्रीय प्रबंधक विनोद कुमार ने बताया कि घटना का पता चलते ही टीम मौके के लिए भेजी है। टीम जांच पड़ताल कर रिपोर्ट देगी। फिलहाल शुरूआती जांच में आग लगने का कारण शार्ट सर्किट लग रहा है।