नेरचौक में बैंक आफ बड़ौदा के परिसर में बिजली के मीटर में लगी आग। संवाद
नेरचौक (मंडी)। बैंक ऑफ बड़ौदा परिसर नेरचौक के बिजली के मीटर बॉक्स में आग लग गई। आग की लपटें उठते देख बैंक में मौजूद अधिकारियों, कर्मचारियों तथा अपने कार्य के लिए पहुंचे लोगों में अफरातफरी का माहौल हो गया। सभी कर्मचारी बैंक के अंदर फंस गए। स्थानीय व्यापारियों और यातायात पुलिस के जवानों ने आग पर काबू पाने की कोशिश की।
बैंक के कर्मचारी रमिल सिंह, निशांत शर्मा, हंसराज शर्मा, भीम चंद, बोधराज ने बताया कि वे करीब 10 मिनट तक बैंक के अंदर फंसे रहे। यातायात पुलिस के बाइक राइडर चुडू राम ने बैंक कर्मचारियों को बाहर निकालकर आग बुझाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। आग की लपटों को देख कर ट्रैफिक इंचार्ज विजय कुमार, लता कुमारी और नागेंद्र भी वहां पहुंच गए।
स्थानीय व्यापारी रिंकी सोनी, राजेश सोनी ने बैंक के अंदर से अग्निशमन यंत्र निकाल कर आग पर काबू पाया। स्थानीय व्यापारी गोविंद ठाकुर, तेजपाल शर्मा, दिनेश शर्मा, प्यारे लाल परमारा आदि ने सरकार और प्रशासन से नेरचौक में अग्नि शमन केंद्र खोलने की मांग की है। बैंक के मैनेजर रोमिल सिंह ने बताया कि अचानक मीटर में आग लगने से बैंक के अंदर कर्मचारी फंस गए थे। घटना से कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ है।