चार साल की पढ़ाई पूरी करने वाले प्रशिक्षुओं को दी विदाई
मुस्कान कटोच बनीं स्टूडेंट ऑफ द ईयर
संवाद न्यूज एजेंसी
जोगिंद्रनगर (मंडी)। राजकीय बीफार्मा आयुर्वेदिक महाविद्यालय जोगिंद्रनगर में शनिवार को छात्राओं के साड़ी पहनकर कैटवॉक और छात्रों के मॉडलिंग अंदाज ने विदाई समारोह में खूब तालियां बटोरीं। आधुनिक और पारंपरिक परिधानों में सजे प्रशिक्षुओं ने करीब तीन घंटे तक रंगारंग प्रस्तुतियों से समां बांधा। इस दौरान चार साल की पढ़ाई पूरी करने वाले प्रशिक्षुओं को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
कार्यक्रम में कांग्रेस नेता जीवन ठाकुर ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने आयुर्वेदिक बीफार्मेसी की डिग्री हासिल करने वाले प्रशिक्षुओं के प्रयासों को सराहा। उन्होंने प्रशिक्षुओं को आत्मनिर्भर बनने और अपने ज्ञान का उपयोग समाज की सेवा में करने के लिए प्रेरित किया।
महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. नीलम ने बताया कि वर्ष 2022 से 2026 तक के बैच में बीफार्मेसी की 40 आरक्षित सीटों पर अध्ययन करने वाले प्रशिक्षुओं ने अपनी पढ़ाई पूरी की है। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रशिक्षु आयुर्वेद के क्षेत्र में रोजगार के अवसर हासिल कर अपनी पहचान बनाएंगे। समारोह में सुधांशु शर्मा को मिस्टर पर्सनेलिटी, पलक को मिस पर्सनेलिटी और मुस्कान कटोच को स्टूडेंट ऑफ द ईयर चुना गया। कैटवॉक में बेहतर प्रदर्शन करने पर वंशिता को मिस फेयरवेल और अभिषेक को मिस्टर फेयरवेल के खिताब से नवाजा गया। इस मौके पर डॉ. सुरेश भंडारी, श्रुति शर्मा, शालिनी ठाकुर, शिवानी सूद, प्रियंका वालिया और शुभम सहित अन्य मौजूद रहे।