गेहूं, मटर, लहसुन और धनिया की बिजाई प्रभावित
हिमफेड और सरकार से खाद उपलब्ध करवाने की गुहार
संवाद न्यूज एजेंसी
गोहर (मंडी)। सर्दियों की फसलों की बिजाई के ऐन मौके पर गोहर और सराज क्षेत्र में खाद की किल्लत से किसान परेशान हैं। पिछले तीन महीनों से 12:32:16 खाद उपलब्ध न होने से गेहूं, मटर, लहसुन, धनिया सहित अन्य नकदी फसलों की बिजाई प्रभावित हो रही है। किसानों को पैदावार घटने और आर्थिक नुकसान की चिंता सता रही है।
किसान हेमराज, भीमसिंह ठाकुर, भालचंद्र, हरी सिंह, संतोष, ललित शर्मा, रमेश, जीतू और अमर सिंह ने बताया कि बिजाई का समय निकलता जा रहा है लेकिन जरूरत के मुताबिक खाद नहीं मिल रही है। उन्होंने हिमफेड और प्रदेश सरकार से जल्द पर्याप्त खाद उपलब्ध करवाने की मांग की है, ताकि समय पर बिजाई हो सके और किसानों को नुकसान न उठाना पड़े।
हिमफेड ने भेजी डिमांड, जल्द मिलेगी खाद
हिमफेड के एरिया मैनेजर ओम प्रकाश ने बताया कि खाद की मांग भेज दी गई है और जल्द उपलब्ध करवाने की व्यवस्था की जाएगी। वहीं, इफको के एरिया मैनेजर पुनीत शर्मा ने बताया कि इफको के सेल सेंटर में भी खाद उपलब्ध करवाई जाएगी।