बिंद्रावणी में पकड़ी गई अवैध शराब पेटियों के साथ विभागीय अधिकारी। -स्रोत: विभाग
मंडी। राज्य कर एवं आबकारी विभाग की टीम ने बीते शुक्रवार रात को बिंद्रावणी के पास नाका लगाकर देसी शराब की 125 पेटियां जब्त की हैं। शराब की यह खेप जीप में बिलासपुर जिला के घुमारवीं से औट की तरफ ले जाई जा रही थी। इस संबंध में पुलिस ने चालक विपिन ुमार निवासी राओ, जिला बिलासपुर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार राज्य कर एवं आबकारी अधिकारी वरुण शर्मा और कुलदीप शर्मा की अगुवाई में टीम ने बिंद्रावणी के पास रात 10:30 बजे नाका लगाया था। इस मौके पर आबकारी अधिकारी दिनेश ठाकुर, कर्मचारी कृष्ण शर्मा और जसवंत सिंह भी मौजूद थे। इसी दौरान जब एक जीप को जांच के लिए रोका गया। जांच के दौरान जीप में 125 पेटियां देसी शराब की बरामद हुईं। इन्हें अवैध तरीके से ले जाया जा रहा था।
आबकारी टीम ने चालक से शराब के संबंध में पूछताछ की और दस्तावेज मांगे। मगर चालक कोई भी आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद अधिकारियों ने इस मामले को जांच के लिए पंडोह पुलिस चौकी के हवाले कर दिया। पुलिस ने एक्साइज एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बता दें कि इससे पहले वीरवार रात को नेशनल हाइवे पर सुंदरनगर के चमुखा में नाके के दौरान एक ट्रक से देसी शराब की 170 पेटियां बरामद की गई थीं। इसे ट्रक में बनाए एक विशेष कैबिन में छिपाकर लाया जा रहा था। अब एक और जीप अवैध रूप से ले जाए जा रहे शराब के साथ पकड़ी गई है। इससे साफ है कि क्षेत्र में अवैध तरीके से शराब तस्करी का नेटवर्क सक्रिय है।
उधर, राज्य कर एवं आबकारी विभाग मंडी के उपायुक्त वरुण कटोच ने कहा कि अवैध शराब तस्करी पर नजर रखी जा रही है और अभियान आगे भी जारी रहेगा। एएसपी मंडी सागर चंद्र ने बताया कि मामले की नियमानुसार जांच की जा रही है।