मंडी/जोगिंद्रनर/सुंदरनगर। सीबीएसई बोर्ड की दसवीं की परीक्षाएं शुरू हो गई हैं। बुधवार को अंग्रेेजी विषय की पहली परीक्षा हुई। जिले भर के सात केंद्रों पर बच्चों ने परीक्षा दी।
सुबह दस से साढ़े बारह बजे तक करीब 1300 विद्यार्थियों ने प्रश्नपत्र हल किए। छात्र-छात्राओं के अनुसार व्याकरण को छोड़ पूरा पेपर आसान था। उन्होंने एकाग्रता से पेपर दिया। अच्छे अंक आने की आस है। पहला पेपर तो ठीक हो गया अब अगले विषय पर ध्यान देना होगा।
विशेषज्ञ राय : व्याकरण भाग थोड़ा सा मुश्किल
डीएवी स्कूल सुंदरनगर की अंग्रेजी की अध्यापिका दिव्या ज्योति शर्मा ने कहा कि अंग्रेजी प्रश्न पत्र के तीन सेट आए थे। सेट दो और सेट तीन के प्रश्न बहुत ही आसान थे, लेकिन सेट एक का राइटिंग, रीडिंग और लिटरेचर भाग तो आसान था परंतु व्याकरण भाग थोड़ा सा मुश्किल था। पहला पेपर देने के बाद विद्यार्थियों के आत्मविश्वास बढ़ा है। आने वाले पेपरों को भी बेहतर करने का उनमें जनून देखने को मिला है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों और अध्यापकों की साझी मेहनत से ही परीक्षा परिणाम अच्छे आते हैं।
व्याकरण को छोड़ अंग्रेजी का पेपर बहुत आसान था। परीक्षा देने में कोई परेशानी नहीं आई। इस बार अच्छे अंकों से परीक्षा उत्तीर्ण होने की पूरी उम्मीद है। अध्यापकों और परिजनों ने अच्छी तैयारी करवाई थी।
प्रवलिका, एंजल पब्लिक स्कूल सुंदरनगर
प्रश्न पत्र के तीन सेट आए थे। सेट दो और तीन के प्रश्न बहुत ही आसान थे। सेट एक का राइटिंग, रीडिंग और लिटरेचर भाग तो आसान था लेकिन व्याकरण भाग थोड़ा सा मुश्किल था। इससे बहुत सोच-विचार कर हल करना पड़ा।
नंदनी शर्मा, डीएवी स्कूल सुंदरनगर
पाठ्यक्रम से ही प्रश्नपत्र डाला गया था। व्याकरण और लेखन वाले प्रश्नों को सुलझाना कुछ कठिन था। इसमें रिपोटिंग स्पीच सेट नंबर एक से प्रश्न नंबर पांच बहुत कठिन था।
हरजस, तक्षशीला इंटरनेशनल स्कूल तरयांड़ी
सभी प्रश्न आसान थे। सभी को सुलझा लिया है। कुल मिलाकर परीक्षा बहुत ही अच्छी हुई है। प्रश्नपत्र में सभी प्रश्नों को घुमा-फिरा कर डाला गया था। स्कूल में करवाई गई तैयार से सब आसान रहा।
अंजली, डीएवी जवाहर नगर मंडी
परीक्षा के पहले दिन अंग्रेजी विषय की परीक्षा में पूछे सभी प्रश्नों को ठीक से कर दिया है। इसके लिए स्कूल में विशेष कक्षाओं का आयोजन करवा कर तैयारी करवाई थी।
रैनिश वेदांग, माउंट मार्या इंटरनेशनल स्कूल जोगिंद्रनगर
परीक्षा में प्रवेश से पहले परीक्षा केंद्र पर शारीरिक तापमान की जांच की गई। पूरे कोविड प्रोटोकोल के तहत परीक्षा केंद्र में प्रवेश मिला। अंग्रेजी विषय की परीक्षा में सभी प्रश्न आसान थे।
साईना ठाकुर, आईफ्लेक्स स्कूल धनैतर