दिल्ली में ब्रिगेडियर और परिवार से अभद्रता पर पूर्व सैनिकों में रोष
मंडी में पूर्व सैनिक लीग ने बैठक कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। राजधानी नई दिल्ली के वसंत विहार क्षेत्र में ब्रिगेडियर पीएस अरोड़ा और उनके परिवार के साथ हुई मारपीट व अभद्रता की घटना पर जिला पूर्व सैनिक लीग मंडी ने कड़ा विरोध जताया है। बुधवार को आयोजित ऑनलाइन बैठक में पूर्व सैनिकों और वीर नारियों ने घटना की तीखी निंदा करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। बैठक की अध्यक्षता लीग के अध्यक्ष ब्रिगेडियर खुशाल ठाकुर ने की।
उन्होंने कहा कि इस प्रकार की घटनाएं न केवल समाज में असुरक्षा का माहौल पैदा करती हैं, बल्कि सेना और पूर्व सैनिकों के सम्मान को भी ठेस पहुंचाती हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी पूर्व सैनिक ब्रिगेडियर अरोड़ा और उनके परिवार के साथ मजबूती से खड़े हैं।
वक्ताओं ने कहा कि बीते शनिवार को वसंत विहार में ब्रिगेडियर और उनके बेटे के साथ मारपीट तथा उनकी पत्नी के साथ की गई अभद्रता बेहद निंदनीय है।
पूर्व सैनिकों ने सरकार से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष और शीघ्र जांच कर दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दी जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मामले में किसी प्रकार की लीपापोती की गई तो पूर्व सैनिक एकजुट होकर बड़ा आंदोलन करने से पीछे नहीं हटेंगे। बैठक में कर्नल टीपीएस. राणा, ऑनरेरी कैप्टन हेतराम शर्मा, ऑनरेरी कैप्टन वीर सिंह गुलेरिया, ऑनरेरी कैप्टन चेतराम शर्मा और नायक अनिल कुमार सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।