मंडी में पेंशनर कल्याण संगठन की बैठक में उठाई मांगें
15 मई को संगठन के चुनाव करने का लिया निर्णय
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। परिवहन निगम पेंशनर कल्याण संगठन इकाई की बैठक मंडी में केडी अवस्थी की अध्यक्षता में आयोजित हुई। इसमें निर्णय लिया गया कि मंडी इकाई के द्विवार्षिक चुनाव 15 मई को कराए जाएंगे। इस दौरान पेंशन के समय पर भुगतान न होने को लेकर सरकार और प्रबंधन के प्रति गहरा रोष व्यक्त किया गया। पेंशनरों ने आरोप लगाया कि पिछले तीन वर्षों से पेंशन का नियमित भुगतान नहीं हो रहा है और मार्च माह की पेंशन भी अब तक जारी नहीं की गई है। जिला इकाई के प्रधान अनूप कपूर ने कहा कि परिवहन निगम के करीब नौ हजार पेंशनरों को 50,000 रुपये की लंबित एरियर की पहली किस्त और 70 वर्ष से अधिक आयु के पेंशनरों को वर्ष 2016 से संशोधित पेंशन का एरियर शीघ्र जारी किया जाए। उन्होंने यह भी बताया कि चिकित्सा बिलों का भुगतान पिछले तीन वर्षों से लंबित है, जिससे गंभीर बीमारियों से जूझ रहे पेंशनरों को आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
बैठक में मुख्यमंत्री से आग्रह किया गया कि परिवहन निगम के पेंशनरों की समस्याओं के समाधान के लिए इस वित्तीय वर्ष से हर माह 25 करोड़ रुपये की अलग से व्यवस्था की जाए, ताकि पेंशन और अन्य लंबित लाभ समय पर दिए जा सकें। बैठक में सुरेश चंद्र वर्मा, रोशन कटोच, देवी सिंह, चमन शर्मा, बलवंत सेन, सुभाष शर्मा, पवन शर्मा, बीरी सिंह, प्रकाश चंद, पदमनाभ, नेक राम कटोच, परस राम सहित लगभग 96 पेंशनरों ने भाग लिया।