ग्रामीण परेशान, कहा-एनएचएआई से समन्वय करे प्रशासन
संवाद न्यूज एजेंसी
पंडोह (मंडी)। पंडोह के कैंची मोड़ के समीप शिवाबदार मार्ग को बहाल करने का कार्य नौ दिन बाद भी पूरा नहीं हो पाया है। पहली अगस्त को भारी भूस्खलन के कारण यह मार्ग और नेशनल हाईवे पूरी तरह बंद हो गया था। नेशनल हाईवे को एनएचएआई ने बहाल कर दिया लेकिन शिवाबदार मार्ग पर गिरीं चट्टानों के कारण आवागमन ठप है।
स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि लोक निर्माण विभाग और ठेकेदार मार्ग खोलने के लिए तेजी से काम कर रहे हैं, लेकिन एनएच इस मार्ग की बहाली में बाधा बन रहा है। कहा कि शिवाबदार मार्ग के ठीक नीचे नेशनल हाईवे है, जिसे लंबे समय तक बंद रखना संभव नहीं है। यही वजह है कि बड़े-बड़े पत्थर हटाने में दिक्कत आ रही है।
ग्रामीणों पवन कुमार और राम चंद्र ने बताया कि दो वर्ष पहले पंडोह का लाल पुल टूटने से उन्हें भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। अब शिवाबदार पहुंचने का एकमात्र मार्ग पहली अगस्त से बंद है। पवन कुमार ने कहा कि ग्रामीण सभी तरफ से फंस चुके हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से आग्रह किया कि एनएचएआई से समन्वय कर नेशनल हाईवे को कुछ समय के लिए बंद कर शिवाबदार मार्ग को जल्द से जल्द बहाल किया जाए। उधर, कार्य में लगी कंपनी के मैनेजर महेंद्र कुमार ने बताया कि रास्ता खोलने का कार्य जारी है। संवाद