10 नवंबर तक बिल जमा नहीं करवाने पर कटेंगे कनेक्शन
बोर्ड ने तेज की वसूली की कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। बिजली बिलों की बकाया राशि वसूलने के लिए बिजली बोर्ड ने सख्ती शुरू कर दी है। इसके तहत विभिन्न श्रेणियों के 239 उपभोक्ताओं को नोटिस जारी किए गए हैं। इन उपभोक्ताओं के पास बिजली बिलों के रूप में कुल 4 लाख 27 हजार 658 रुपये की राशि बकाया है। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समयसीमा तक बिल जमा नहीं करवाने वालों के बिजली कनेक्शन काट दिए जाएंगे।
बोर्ड की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार घरेलू श्रेणी के सबसे अधिक 125 उपभोक्ताओं को नोटिस भेजे गए हैं। इन पर कुल 2.12 लाख रुपये की देनदारी है। वहीं, व्यावसायिक श्रेणी के 86 उपभोक्ताओं के पास 1.60 लाख रुपये के बिजली बिल बकाया हैं। इसके अलावा एसआईपीएस श्रेणी के 16 उपभोक्ताओं को नोटिस जारी किए गए हैं, जिन पर 33 हजार रुपये की राशि बकाया है। कृषि आपूर्ति श्रेणी के 12 उपभोक्ताओं पर भी 21 हजार रुपये की देनदारी है।
उपमंडल भांबला के सहायक अभियंता नितिन चंदेल ने बताया कि सभी नोटिस प्राप्त उपभोक्ताओं को 10 नवंबर तक अपने बिजली बिल जमा करवाने के निर्देश दिए गए हैं। तय समय सीमा तक भुगतान नहीं करने वाले उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन काटने की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने उपभोक्ताओं से आग्रह किया है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना अपने लंबित बिलों का भुगतान कर दें।