जोगिंद्रनगर के लक्ष्मी बाजार स्थित होटल के कमरे में आग लगने से जला सामान। स्त्रोत जागरूक पाठक
जोगिंद्रनगर के लक्ष्मी बाजार के होटल के कमरे में रात को भड़की आग
संवाद न्यूज एजेंसी
जोगिंद्रनगर (मंडी)। जोगिंद्रनगर के लक्ष्मी बाजार स्थित होटल के कमरे में आग लगने से बुजुर्ग की झुलसने और दम घुटने से मौत हो गई है। पुलिस टीम ने घटनास्थल पर पहुंच कर छानबीन शुरू कर दी है। फोरेंसिक साइंस लैब से भी टीम ने पहुंच कर साक्ष्य जुटाए हैं।
जानकारी के मुताबिक चौहारघाटी के दुर्गम क्षेत्र लपास गांव के 88 वर्षीय बुजुर्ग जटू राम शनिवार देर रात करीब 9 बजकर 48 मिनट पर लक्ष्मी बाजार स्थित एक होटल में पहुंचे थे। रविवार सुबह करीब 6 बजे कमरे से धुआं उठा तो वहां पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर पुलिस दल भी मौके पर पहुंच गया। पुलिस टीम ने होटल का दरवाजा खोलकर कमरे में ठहरे बुजुर्ग को गंभीर हालत में बाहर निकाला और जोगिंद्रनगर के नागरिक अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने बुजुर्ग को मृत घोषित कर दिया। आग से बुजुर्ग झुलस गया था। थाना प्रभारी सकीनी कपूर का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के असली कारणों का पता चल पाएगा। आग कैसे लगी इसकी भी जांच की जा रही है।
सुबह खिड़कियों के कांच टूटने पर पता चला
लक्ष्मी बाजार स्थित होटल के कमरा नंबर तीन में घटना का पता होटल स्टाफ को सुबह करीब छह बजे चला। खिड़कियों के कांच टूटने की आवाज होने पर स्टाफ सदस्य कमरे के बाहर पहुंचे। पुलिस की मौजूदगी में बुजुर्ग को कमरे से बाहर निकाल अस्पताल ले जाया गया। इस होटल में रात्रि ठहराव के लिए करीब 15 कमरे हैं लेकिन घटना वाली रात अधिकतर कमरे खाली थे।
पुलिस अधीक्षक मंडी विनोद कुमार ने बताया कि होटल के कमरे में बुजुर्ग की मौत हुई है। पुलिस सभी पहलुओं को केंद्र में रख कर जांच कर रही है। होटल स्टाफ सहित अन्य लोगों के बयान कलमबंद किए हैं।