मंडी। त्योहारी सीजन के चलते खाद्य एवं सुरक्षा विभाग मंडी के दल ने शुक्रवार को पंडोह, औट और पनारसा में कार्रवाई करते हुए मिठाइयों के आठ सैंपल भरे हैं। खाद्य विभाग का लाइसेंस न होने पर एक शराब ठेका संचालक और तीन दुकानों में सफाई व्यवस्था मानकों के अनुरूप न पाए जाने पर उनके चालान काटे हैं।
शुक्रवार सुबह मंडी-कुल्लू मार्ग पर पंडोह, औट और पनारसा में अलग-अलग जगह मिठाइयों के सैंपल भरे हैं। इसमें रसगुल्ला और गुलाब जामुन के दो-दो सैंपल, मिल्ककेक, दूध, बेसन बर्फी और लड्डू के भी सैंपल भरे हैं। पनारसा और औट में ढाबों पर साफ-सफाई में कमी पाए जाने और एक शराब की दुकान बिना विभागीय लाइसेंस के पाए जाने पर चालान काटे गए हैं।
जिला खाद्य एवं सुरक्षा विभाग के सहायक आयुक्त एलडी ठाकुर ने बताया कि त्योहारी सीजन को लेकर विभाग ने तीन स्थानों से सैंपल भरे हैं। साफ-सफाई न होने पर तीन ढाबा, रेस्तरां संचालकों और एक शराब ठेका संचालक का बिना विभागीय लाइसेंस पर चालान काटा गया है। नियमानुसार पहले चालान धारकों को नाेटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा जाएगा। संतोषजनक जवाब न मिलने पर न्यायालय में मामला देकर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि मिठाई के सभी सैंपल लैब में जांच के लिए भेजे जाएंगे। रिपोर्ट आने के बाद ही कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। संवाद