जिला परिषद प्रत्याशी पर हमले के मामले में की जांच
संवाद न्यूज एजेंसी
सरकाघाट (मंडी)। भांबला वार्ड से जिला परिषद चुनाव लड़ रहीं अभिलाषा ठाकुर पर हमले के मामले में पुलिस ने सोमवार को जांच पड़ताल की है। पुलिस ने घटनास्थल का दौरा कर साक्ष्य जुटाए हैं जबकि आसपास के सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी पहलुओं की भी जांच की जा रही है। मामले में कुछ लोगों से पूछताछ भी की गई है।
पुलिस थाना हटली में अभिलाषा ठाकुर निवासी सथमला तहसील सरकाघाट जिला मंडी की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। शिकायत के अनुसार बीते रविवार रात करीब 8:15 बजे वह सुहड़ा-लोहड़ी मार्ग पर खुड़ला के पास अपनी गाड़ी रोककर उतरी थीं। इसी दौरान दो अज्ञात व्यक्तियों ने उन पर हमला कर दिया। हमले में उनके सिर और हाथ पर चोटें आईं। आरोप है कि हमलावर जाते समय उनकी गाड़ी के पीछे का शीशा भी पत्थर मारकर तोड़ गए। डीएसपी सरकाघाट संजीव कुमार गौतम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर स्वयं तथ्य जुटाए। पुलिस सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य पहलुओं पर भी जांच कर रही है। डीएसपी संजीव कुमार गौतम ने बताया कि मामले की तह तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।